'वो मौजूदा समय का ब्रैडमैन और लारा है', पूर्व पाक कप्तान ने अकरम, मियांदाद से भी महान खिलाड़ी का लिया नाम
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने अपने देश के क्रिकेट को लेकर बड़ा दावा किया है और मौजूदा समय के सबसे महान पाकिस्तानी खिलाड़ी का बताया है। राशिद लतीफ ने दावा किया है कि पाकिस्तान के मौजूदा कप्तान बाबर आजम को पाकिस्तान क्रिकेट के सबसे महान खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर काबिज हैं। उल्लेखनीय है कि राशिद लतीफ ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर के 11 सालों में पाकिस्तान के सबसे महान क्रिकेटर्स के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था लेकिन उनका मानना है कि बाबर आजम की महानता उन सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ती है।

अपने यूट्यूब पर अपलोड किये गये एक वीडियो में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने बाबर आजम की जमकर तारीफ की और उनकी तुलना मॉर्डन डे के डॉन ब्रैडमैन और ब्रायन लारा के तौर पर की है।

2019 में ही की थी भविष्यवाणी
इस वीडियो में लतीफ ने कहा,'मैंने 2019 में ही ट्वीट किया था जब हमारी टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी। मैंने उन सभी खिलाड़ियों के नाम लिखे थे जिनका साथ मैं खेला था, मियांदाद, वसीम, वकार, इंजमाम, युसुफ, यूनुस और शक्लैन, लेकिन वो इन सभी को पीछे छोड़ रहा है। मैं काफी समय पहले की बात कर रहा हूं। वह तब से लेकर अब तक काफी बड़ा और बेहतर खिलाड़ी बन चुका है। हम यहां पर तुलना नहीं कर सकते क्योंकि मैं यहां पर सिर्फ बाबर के बारे में बात नहीं कर रहा, विराट, रोहित, विलियमसन समेत सभी खिलाड़ी जो आज के समय में वनडे खेल रहे हैं वो 10 फील्डर्स के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं।'

सिर्फ सईद अनवर से ही पीछे हैं बाबर आजम
लतीफ यहीं पर नहीं रुके बल्कि बड़ा बयान देते हुए बाबर आजम को मौजूदा पीढ़ी का डॉन ब्रैडमैन और ब्रायन लारा करार दिया। हालांकि इस दौरान लतीफ ने पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी सईद अनवर को बाबर से ज्यादा महान बताया। उल्लेखनीय है कि सईद अनवर ने अपने करियर के दौरान पाकिस्तान के लिये 55 टेस्ट और 247 वनडे मैचों में शिरकत की थी और वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी निजी स्कोर बनाने का रिकॉर्ड 13 सालों तक अपने नाम किया था।

पाकिस्तान में दोबारा नहीं आया अनवर जैसा खिलाड़ी
राशिद लतीफ का मानना है कि सईद अनवर जैसा क्रिकेटर अभी भी पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में आना बाकी है।
उन्होंने कहा,'मैं सईद अनवर के बारे में बात करना चाहता हूं, उनके जैसा दूसरा बल्लेबाज अब तक नहीं हुआ है। इसमें कोई शक नहीं है कि पाकिस्तान क्रिकेट के इतिहास में पैदा हुए वो सबसे महान खिलाड़ी रहे हैं। मैंने उन्हें बेहद करीब से देखा है और यकीन मानिये वो करिश्माई खिलाड़ी थे जो कभी मुश्किल ही अभ्यास पर जाते थे। तो उनके साथ युगों की तुलना करना ठीक नहीं है। आज के समय में 5 खिलाड़ी घेरे के अंदर थे जबकि उस दौरान 4 रहा करते थे। अनवर और इंजमाम के समय में यह होता तो वो फील्डर्स की जान निकाल देते। वो अपने समय के महानतम खिलाड़ी थी। वो आज के समय का ब्रैडमैन और लारा है।'












Click it and Unblock the Notifications