ENG vs AUS: इंग्लैंड टीम में 3 खिलाड़ियों का डेब्यू, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 से एक दिन पहले प्लेइंग 11 घोषित
ENG vs AUS: एशेज में चिर प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 10 सितम्बर को खेला जाना है। इंग्लैंड ने इस मुकाबले से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। मजे की बात तो यह है कि इंग्लिश टीम में तीन प्लेयर्स का डेब्यू हो रहा है।
फिल साल्ट के पास टी20 टीम की कप्तानी है। इससे पहले जोस बटलर के रूप में इंग्लैंड टीम को एक बड़ा झटका लगा, वह पिंडली की चोट के कारण बाहर हो गए और साल्ट को कप्तानी मिल गई। इस समय टी20 रैंकिंग में ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे स्थान पर है। इंग्लिश टीम चौथे नम्बर पर है।

टी20 क्रिकेट में अगर दोनों टीमों के मैचों की बात करें, तो मामला बराबरी पर है। कुल 24 मैचों में इंग्लैंड ने 11 में जीत दर्ज की है और इतने ही मुकाबलों में कंगारुओं को विजय मिली है। दो मुकाबलों में कोई नतीजा नहीं आया। घर में इंग्लैंड ने सात मैच जीते हैं, ऑस्ट्रेलिया ने अपने घर में छह मुकाबलों में जीत हासिल की है।
जॉर्डन कॉक्स, जैकब बेथल, जेमी ओवरटन आदि प्लेयर्स को पहली बार खेलने का मौका मिलेगा। इन तीनों खिलाड़ियों को इस सीरीज के पहले ही मुकाबले में खेलने के लिए चुना गया है। प्लेइंग इलेवन में तीन डेब्यू हैरान करने वाले हैं लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में खराब खेल के बाद टीम में बदलाव हुए हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हाल ही में स्कॉटलैंड को पराजित किया है।
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी माना जा सकता है। ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी तगड़ी फॉर्म में हैं। इंग्लैंड के लिए मुकाबला आसान नहीं होगा। इन खिलाड़ियों को जितना जल्दी आउट किया जाएगा, इंग्लैंड को उससे फायदा मिलेगा। फिल साल्ट की कप्तानी भी इस सीरीज में देखने लायक रहेगी। टी20 सीरीज के बाद एकदिवसीय मुकाबलों की सीरीज भी खेली जानी है। इसमें पांच मैच खेले जाएंगे।
इंग्लैंड प्लेइंग 11
फिल साल्ट (कप्तान), विल जैक्स, जॉर्डन कॉक्स, लियाम लिविंगस्टोन, जैकब बेथल, सैम करन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद, रीस टॉपले












Click it and Unblock the Notifications