Delhi Blast: ब्लास्ट साइट के पास खेल रहे थे LSG और SRH के खिलाड़ी, अरुण जेटली स्टेडियम में रणजी मैच होगा रद्द?
Delhi Blast: दिल्ली में हुए बम धमाके ने पूरे शहर में दहशत फैला दी है, और इसके चलते दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के बीच चल रहा रणजी ट्रॉफी मैच भी खतरे में पड़ सकता है। राजधानी के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुए तेज धमाके में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। आयुष बदोनी, सिमरजीत सिंह जैसे कई खिलाड़ी पास ही में खेल रहे थे। यश ढुल भी वहां खेल रहे थे।
रणजी ट्रॉफी मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहा है, वह ब्लास साइट से ज्यादा दूर नहीं है। 2 से 3 किलोमीटर दूर ही अरुण जेटली स्टेडियम है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं और फ़िलहाल किसी भी तरह का खुलासा नहीं हुआ है कि आखिर यह ब्लास्ट किसने कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा इलाका हिल गया। आसपास की स्ट्रीट लाइटें बंद हो गईं और नजदीकी घरों से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इस घटना से लोगों में डर और दहशत का माहौल फैल गया। कई लोगों ने तुरंत उस इलाके में मौजूद अपनी दुकानें बंद कर दी और घरों को रवाना हो गए।
धमाके के बाद अब अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहे रणजी ट्रॉफी मैच पर भी सवाल उठने लगे हैं। मंगलवार (11 नवंबर) को मुकाबले का आखिरी दिन है, लेकिन खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन को स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, अभी तक बीसीसीआई या दिल्ली क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) की ओर से मैच को स्थगित करने या आगे बढ़ाने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दिल्ली के खिलाफ चल रहे मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम जीत के बेहद करीब है। उसे जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 124 रन और बनाने हैं, और उसके पास 8 विकेट शेष हैं। ऐसे में टीम एक शानदार जीत दर्ज करने की स्थिति में नजर आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications