जो हार्दिक पंड्या नहीं कर पाए, वो कर दिखाएंगी दीप्ति शर्मा! इतिहास रचने से बस एक कदम दूर
Deepti Sharma And Hardik Pandya: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा विशाखापत्तनम में श्रीलंका के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 मैच में इतिहास रचने के मुहाने पर खड़ी हैं। दीप्ति एक ऐसा 'महा-रिकॉर्ड' अपने नाम कर सकती हैं, जो आज तक पुरुष या महिला क्रिकेट के इतिहास में कोई भी खिलाड़ी हासिल नहीं कर पाया है। दीप्ति शर्मा ऐसा करने वाली पहली भारतीय बन सकती हैं।
वर्ल्ड रिकॉर्ड बना सकती हैं दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma And Hardik Pandya)
दीप्ति शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 विकेट और 1000 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा छूने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर (महिला और पुरुष दोनों में) बनने के बेहद करीब हैं। दीप्ति ने अब तक 81 पारियों में 1100 रन बना लिए हैं और उन्हें 150 विकेटों का जादुई आंकड़ा पूरा करने के लिए केवल 2 विकेट की दरकार है। अगर वह इस मैच में दो विकेट ले लेती है तो वह यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेगी।

इस मामले में कई दिग्गजों से आगे दीप्ति
ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी के नाम 2173 रन हैं, लेकिन विकेटों की संख्या अभी 126 ही है। बांग्लादेश के पुरुष क्रिकेट में शाकिब अल हसन सबसे करीब हैं। उनके नाम 2551 रन और 149 विकेट हैं, लेकिन वे फिलहाल टीम से बाहर हैं। भारत के हार्दिक पंड्या ने 2000 रन तो पूरे कर लिए हैं, लेकिन उनके खाते में अभी 101 विकेट ही दर्ज हैं। ऐसे में दीप्ति इन सभी खिलाड़ियों से काफी आगे हैं।
बनेगी दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज?
इस खास रिकॉर्ड के अलावा दीप्ति शर्मा के पास महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बनने का भी सुनहरा मौका है। वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया की मेगन शुट्ट 151 विकेटों के साथ पहले स्थान पर हैं। दीप्ति को उन्हें पछाड़ने के लिए 4 विकेट की जरूरत है। चूंकि मेगन शुट्ट फरवरी 2026 तक कोई टी20 मैच नहीं खेलेंगी, ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में दीप्ति का दुनिया की नंबर-1 गेंदबाज बनना लगभग तय माना जा रहा है।
सीरीज जीतने पर भारत की नजर
विशाखापत्तनम में खेला जाने वाला यह मैच भारतीय टीम के लिए भी बेहद अहम है। पांच मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया पहले ही 1-0 से बढ़त बनाए हुए है। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय महिलाएं आज दूसरा मैच जीतकर अपनी बढ़त को दोगुना करना चाहेंगी। दीप्ति शर्मा का हालिया फॉर्म शानदार रहा है और उनकी फिरकी के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए हैं।












Click it and Unblock the Notifications