WPL 2023: वेस्टइंडीज की डिआंड्रा डॉटिन ने गुजरात जॉयंट्स पर लगाए हैं गंभीर आरोप, उठ खड़ा हुआ विवाद
वेस्टइंडीज की खिलाड़ी डिआंड्रा डॉटिन ने गुजरात जॉयंट्स फ्रेंचाइजी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद टीम में एक विवाद खड़ा हो गया है।

महिला प्रीमियर लीग के पहले ही संस्करण में गुजरात जॉयंट्स के लिए अभी तक कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है, क्योंकि टीम पांच मैच हारने के बाद एक तो सबसे आखिरी पायदान पर है तो वहीं दूसरी तरफ टीम के अंदर उपजा एक विवाद सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है। दरअसल, वेस्टइंडीज की खिलाड़ी डिआंड्रा डॉटिन ने गुजरात जॉयंट्स फ्रेंचाइजी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 31 साल की डिआंड्रा डॉटिन ने कहा है कि वो पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन इसके बावजूद भी उनकी मेडिकल फिटनेस का हवाला देते हुए उन्हें टीम से बाहर किया गया है। डिआंड्रा ने खुद को टीम से बाहर किए जाने पर निराशा व्यक्त की है।
डिआंड्रा को गुजरात ने खरीदा था 60 लाख रुपए में
आपको बता दें कि डिआंड्रा डॉटिन को अडानी के स्वामित्व वाली गुजरात जॉयंट्स ने 60 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले ही उन्हें मेडिकल फिटनेस का हवाला देते हुए टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब खुद डिआंड्रा ने अपनी प्रतिक्रिया जारी की है। डिआंड्रा ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा है कि उनके सर्जन ने उनकी फिटनेस को मंजूरी प्रदान कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद भी टीम मैनेजमेंट ने मुझे बाहर का रास्ता दिखाया है। डिआंड्रा ने कहा है कि मुझे टीम से बाहर मेरी मेडिकल फिटनेस की वजह से किया गया था, लेकिन 20 फरवरी को मुझे फिटनेस क्लियरेंस मिल गई थी।
दिसंबर 2022 से डिआंड्रा का ट्रीटमेंट हुआ था शुरू
डिआंड्रा ने आगे कहा है कि मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले मुझे पेट में हल्का दर्द और सूजन महसूस हुई थी, जिसके बाद मैंने दिसंबर 2022 से ही अपना ट्रीटमेंट शुरू करा लिया था। इसके बाद जनवरी 2023 में मुझे एक्सपर्ट के पास रेफर कर दिया गया। एक्सपर्ट के जांच परीक्षण के बाद मुझे 13 फरवरी तक आराम करने की सलाह दी गई और 14 फरवरी को मुझे फिटनेस और स्पोर्ट्स एक्टिविटी में भाग लेने की मंजूरी दे दी गई। इसके बाद मैंने व्यक्तिगत स्तर पर ही ट्रेनिंग शुरू कर दी थी, लेकिन फिर भी टीम मैनेजमेंट ने मुझे टीम से बाहर कर दिया। बता दें कि डिआंड्रा ने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 143 वनडे और 127 टी20 मैच खेले हैं और गुजरात फ्रेंचाइजी के इस फैसले से निराश हैं।












Click it and Unblock the Notifications