IPL 2023: दिल्ली कैपिटल्स इस विदेशी खिलाड़ी को ही बनाएगी कप्तान! अक्षर पटेल हो सकते हैं उपकप्तान
आईपीएल 2023 के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने नए कप्तान को चुनना अभी भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हालांकि डेविड वॉर्नर का नाम कप्तानी के लिए आगे चल रहा है।

आईपीएल 2023 का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। इस सीजन का पहला मैच मौजूदा चैंपियन गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा। आईपीएल के आगाज से पहले दिल्ली कैपिटल्स के लिए नए कप्तान को चुने जाने की चुनौती अभी भी बरकरार है, क्योंकि टीम के रेग्युलर कप्तान ऋषभ पंत इस साल आईपीएल नहीं खेल पाएंगे। ऋषभ पंत रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गए थे, जिसकी वजह से वो इस साल आईपीएल से बाहर रहेंगे। पंत की गैरमौजूदगी में कप्तान के लिए डेविड वॉर्नर का नाम एकबार फिर सबसे आगे आ गया है।
वॉर्नर होंगे कप्तान और अक्षर बनेंगे उपकप्तान!
दरअसल, डेविड वॉर्नर अभी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे। चोट की वजह से वॉर्नर टेस्ट सीरीज के बाकि दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं और ऑस्ट्रेलिया वापस लौट गए हैं, लेकिन आईपीएल के आगाज तक वॉर्नर फिट हो जाएंगे और उससे पहले भारत के खिलाफ वनडे सीरीज खेलने के लिए भारत आ जाएंगे। अब दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी वॉर्नर को ही कप्तान बनाने पर विचार कर रही है। डेविड वॉर्नर के अलावा अक्षर पटेल का नाम उपकप्तान के लिए सबसे आगे चल रहा है। अक्षर ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में कमाल की बल्लेबाजी की है।
पंत रोड एक्सीडेंट की वजह से नहीं खेलेंगे इस साल आईपीएल
आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के रेग्युलर कप्तान ऋषभ पंत हैं, जिनकी कप्तानी में पिछले साल टीम पांचवे स्थान पर रही थी। टीम ने 14 में से कुल 7 मैच जीते और 7 गंवाए थे, लेकिन ऋषभ पंत इस साल आईपीएल नहीं खेलेंगे। 31 दिसंबर 2022 को पंत एक रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गए थे। इस हादसे में उनकी जान जाते-जाते बची थी। दिल्ली से रूडकी जाते वक्त उनकी कार देहरादून हाईवे पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। बाद में उनकी कार में आग लग गई थी। इस हादसे में पंत को कई अंदरूनी चोटें आई हैं, जिनसे उबरने में उन्हें काफी समय लगेगा। ऐसे में पंत की गैरमौजूदगी में वॉर्नर ही कप्तानी के प्रबल दावेदार हैं। डेविड वॉर्नर आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ी भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications