हरमनप्रीत कौर ने तोड़ा कोहली का विराट रिकॉर्ड, T20I में बनीं भारत की सबसे बड़ी कप्तान
हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) पुरुष और महिला T20I क्रिकेट में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई है।
बर्मिंघम, 8 अगस्त: हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) पुरुष और महिला T20I क्रिकेट में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई है। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए कॉमनवेल्थ गेम्स के फाइनल में उन्होंने ये बड़ी उपलब्धि हासिल की। हरमन ने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को पीछे छोड़ा। टूर्नामेंट के फाइनल में भारतीय टीम को 9 रन से मिली हार का सामना करना पड़ा और टीम सिल्वर जीतने में सफल हुई।
ये भी पढ़ें- CWG 2022, IND vs AUS: फाइनल हारकर भी देश की बेटियों ने रचा इतिहास, पहली बार जीता सिल्वर मेडल

हरमन ने खेली जोरदार पारी
भारतीय महिला टीम के सामने 162 रन का टारगेट था और टीम ने शुरुआती दो विकेट केवल 22 के स्कोर पर गंवा दिए थे। इसके बाद हरमन ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए जेमिमा रोड्रिग्स (33) के साथ मिलकर 96 रन जोड़े। कौर ने 34 गेंदों में अपनी करियर की आठवीं फिफ्टी पूरी की। उनकी बल्लेबाजी को देखकर ऐसा लग रहा था कि वह भारत को गोल्ड जीतकर ही राहत की सांस लेगी, लेकिन ऐसा हो न सका।
हरमन 43 गेंदों में 65 रन बनाकर आउट हुई। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और दो छक्के जमाए। इस टूर्नामेंट में ये उनका पहला अर्धशतक भी रहा।

कोहली को छोड़ा पीछे
हरमन पुरुष और महिला T20I क्रिकेट में बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई है। 74 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तान के तौर पर कौर ने 30.52 की शानदार औसत से कुल 1618 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन 103 रन का रहा। हरमन से पहले भारत के लिए कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली (1570) के नाम पर दर्ज था। अब हरमनप्रीत कौर का नाम सबसे पहले आता है।

सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान
भारत के लिए T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान (पुरुष/महिला)
- 1618 - हरमनप्रीत कौर*
- 1570 - विराट कोहली
- 1161 - रोहित शर्मा
- 1112 - एमएस धोनी

शानदार है करियर
33 वर्षीय हरमनप्रीत कौर ने 2009 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 डेब्यू किया था। अभी तक 129 WT20I मैचों में कौर ने 27.39 की औसत से कुल 2548 रन बनाए हैं। इस दौरान 116 पारियों में उनके बल्ले से 1 शतक और 8 अर्धशतक भी देखने को मिले। बल्ले के अलावा गेंद से भी उनका जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला और वह 24.31 की औसत से कुल 32 विकेट लेने में सफल रही। बतौर गेंदबाज उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन 4/23 का रहा।












Click it and Unblock the Notifications