क्या IPL 2022 के बाद संन्यास लेंगे एमएस धोनी, कप्तानी में लौटते ही खुद दिया जवाब
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 46वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हो रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स के लिये इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी बतौर कप्तान वापसी कर रहे हैं, जिन्होंने आईपीएल 2022 के आगाज होने से महज 2 दिन पहले ही टीम की कमान रविंद्र जडेजा को सौंपी थी, हालांकि 8 मैचों में से 6 में हार का सामना करने के बाद रविंद्र जडेजा ने टीम की कमान छोड़ने का फैसला किया और शनिवार को धोनी को फिर से टीम की कमान सौंप दी।

सीएसके की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में मैनेजमेंट ने साफ किया कि रविंद्र जडेजा ने अपने खेल पर ध्यान देने के लिये कप्तानी छोड़ने का फैसला किया और धोनी से एक बार फिर से टीम का कमान संभालने की विनती की जिसे माही ने मान लिया है। इसके बाद जब रविवार को महेंद्र सिंह धोनी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बतौर कप्तान उतरे तो टॉस में हार का सामना करना पड़ा।
और पढ़ें: गुजरात को फिर मैच जिताने के बाद तेवतिया ने खोला राज, बताया कैसे बनते हैं चेज में इतने सफल बल्लेबाज

क्या अगले सीजन खेलते नजर आयेंगे धोनी
हालांकि टॉस में हार का सामना करने के बावजूद जब धोनी से बात की गई तो उन्होंने कुछ ऐसे सवालों का जवाब दिया जिसने फैन्स के बीच तहलका मचा दिया है। टॉस में हार का सामना करने के बाद टीवी प्रेजेंटेटर ने धोनी से सवाल किया कि मैंने दो साल पहले भी आपसे यह सवाल किया था और एक बार जब आप फिर से कप्तान के रूप में वापस आये हैं तो यह पूछना चाहूंगा कि क्या आपको हम अगले साल फिर से येलो जर्सी में खेलते हुए देखेंगे।
धोनी ने संन्यास को लेकर पूछे गये इस सवाल का जवाब बेहद चालाकी और खूबसूरती से दिया, जिसने फैन्स को खुश कर दिया। धोनी ने कहा,'आप मुझे बिल्कुल पीले रंग की जर्सी में देखेंंगे फिर चाहे वो ये वाली हो (खिलाड़ियों की) या फिर थोड़ी अलग (सपोर्टिंग स्टाफ), पर मेरा पीले रंग की जर्सी में नजर आना तय है। हालांकि कौन से रंग की जर्सी होगी इसका पता समय आने पर ही चलेगा।'

टूर्नामेंट के लिये क्या होगी सीएसके की रणनीति
इसके बाद डैनी ने पूछा कि सीएसके के लिये टूर्नामेंट का यह सीजन कुछ खास नहीं गुजरा है, ऐसे में जब दोबारा टीम की कमान संभालनी पड़ रही है तो उनके लिये कितना मुश्किल रहने वाला है।
इसके जवाब में धोनी ने कहा,'आपको चीजों को समझने की जरूरत है और मौजूदा परिस्थितियों को बेहतर तरीके से काम करने की जरूरत है। हमने अब तक के सीजन में बहुत सारे कैच छोड़े हैं और ऐसा नहीं है कि वो काफी मुश्किल कैच थे, वो ऐसे कैच रहे जिसे आसानी से पकड़ा जा सकता था। हमने अहम मौकों पर रन लुटाये हैं, हमें उन मौकों को भुनाना होगा जहां पर अगर 18-19 रन गये हों तो उसे 24 से 30 रन का ओवर न बनने दें। हमें इन चीजों को भुलाना होगा और आगे आने वाले मैचों में इन पर काम करना होगा।'

दो बदलाव के साथ उतरी है सीएसके
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ इस मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम में दो बदलाव के साथ उतरी है, जिसमें उसने चोट की वजह से शिवम दुबे और ड्वेन ब्रावो को बाहर रखा है। वहीं पर ब्रावो की जगह डेवॉन कॉन्वे की टीम में वापसी हुई है तो शिवम दुबे की जगह तेज गेंदबाज सिमरजीत सिंह को खेलने का मौका दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications