फिर जेल जाएंगे आनंद मोहन! सुप्रीम कोर्ट ने रिहाई रद्द की, सरेंडर का आदेश, क्या है 1994 के IAS हत्याकांड?
Anand Mohan Supreme Court: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन की समय से पहले जेल से रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी और आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आनंद मोहन को अब एक बार फिर जेल लौटना होगा। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसके आधार पर उन्हें अप्रैल 2023 में रिहा किया गया था। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करने का आदेश दिया है।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने बिहार सरकार के 10 अप्रैल 2023 के जेल नियमों में किए गए बदलाव को असंवैधानिक, अमान्य और लागू न रहने वाला करार दिया। अदालत ने रिहाई के आदेश को भी रद्द कर दिया। फैसले में इस कदम को कानून की कसौटी पर टिकने लायक नहीं माना गया। हालांकि राज्य सरकार को कानून के मुताबिक नए सिरे से रिमिशन यानी सजा में छूट की प्रक्रिया शुरू करने की छूट दी गई है। यह प्रक्रिया आनंद मोहन के सरेंडर या हिरासत में लिए जाने के बाद ही शुरू हो सकेगी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों रद्द की आनंद मोहन की रिहाई?
बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल मैनुअल के नियम 481 में बदलाव किया था। इससे ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहाई के लिए अयोग्य मानने वाली पुरानी शर्त हटा दी गई। पहले ऐसे कैदियों को कम से कम 20 साल की सजा पूरी किए बिना रिहाई पर विचार का लाभ नहीं मिलता था। बदलाव के बाद आनंद मोहन की रिमिशन की राह खुल गई। उन्हें 24 अप्रैल 2023 को रिहाई का आदेश मिला और वह जेल से बाहर आ गए।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार ने 2002 से चली आ रही नीति में अचानक और चुनिंदा बदलाव किया, लेकिन इसके पीछे कोई ठोस सार्वजनिक उद्देश्य या पर्याप्त आधार नहीं बताया। अदालत ने इस संशोधन को मनमाना और संविधान के अनुच्छेद 14 यानी समानता के अधिकार के खिलाफ माना। पीठ के मुताबिक, इस आधार पर आनंद मोहन को दी गई रिहाई कानूनन टिकाऊ नहीं थी।
जी कृष्णैया की हत्या का मामला क्या था?
यह मामला दिसंबर 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी कृष्णैया मुजफ्फरपुर जिले से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा से आगे निकली। इसके बाद भीड़ ने कृष्णैया पर हमला कर दिया और उन्हें पीट-पीटकर मार डाला। उस समय आनंद मोहन विधायक थे और शवयात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। उन पर भीड़ को उकसाने का आरोप लगा था। इसी मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया।
5 अक्टूबर 2007 को निचली अदालत ने आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। बाद में 10 दिसंबर 2008 को पटना हाईकोर्ट ने मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा। इसके बाद आनंद मोहन उम्रकैद की सजा काट रहे थे।
पत्नी उमा देवी की याचिका पर आया फैसला
जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी याचिका में बिहार सरकार के नियमों में बदलाव और रिमिशन देने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए थे। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि रिहाई के फैसले में जेल में आचरण और दूसरे जरूरी पहलुओं का सही आकलन नहीं किया गया। पैरोल पर बाहर रहने के उनके रिकॉर्ड का भी जिक्र किया गया।
बिहार सरकार ने रिहाई का बचाव करते हुए कहा था कि आनंद मोहन करीब 14 साल की वास्तविक कैद पूरी कर चुके थे और फैसला मनमाना नहीं था। मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पैरोल और अन्य पहलुओं से जुड़ी जानकारी भी मांगी थी। अदालत ने 16 जुलाई 2026 को फैसला सुरक्षित रख लिया था।
अब दोबारा रिहाई का रास्ता क्या होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि बिहार सरकार भविष्य में आनंद मोहन की रिमिशन पर नए सिरे से विचार कर सकती है। लेकिन इसके लिए तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा। जी कृष्णैया की पत्नी को भी अपनी बात रखने का उचित मौका देना होगा। अदालत ने यह भी साफ किया कि पीड़ित परिवार की आपत्ति को सरकार के फैसले पर वीटो नहीं माना जाएगा। यानी परिवार की बात सुनना जरूरी होगा, लेकिन अंतिम फैसला सक्षम प्राधिकारी को कानून और बाकी तथ्यों के आधार पर लेना होगा।
अदालत ने यह भी पाया कि रिहाई के लिए 2021 में मिली ट्रायल कोर्ट के पीठासीन जज की राय पर भरोसा किया गया था, जबकि अप्रैल 2023 में रिहाई देते समय नई और कारणों के साथ दर्ज राय जरूरी थी। सुप्रीम कोर्ट ने इसे प्रक्रिया की गंभीर खामी माना। इस फैसले का सीधा असर यह है कि आनंद मोहन की 2023 वाली रिहाई अब मान्य नहीं रहेगी। उन्हें एक महीने में सरेंडर करना होगा। इसके बाद ही राज्य सरकार नियमों के दायरे में नई प्रक्रिया पर विचार कर सकेगी।




Click it and Unblock the Notifications
