CSK vs SRH: 99 के फेर में फंसे ऋतुराज गायकवाड़, शतक से चूकने पर जानें क्या बोले
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 46वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स के लिये महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान वापसी की है। धोनी ने सीजन के आगाज से दो दिन पहले सीएसके की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और रविंद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपी थी, हालांकि 8 मैचों में मनचाहा प्रदर्शन नहीं कर पाने की वजह से रविंद्र जडेजा ने शनिवार को टीम की कमान एक बार फिर से धोनी को सौंप दी। धोनी के कप्तानी में वापसी करने के साथ ही टीम के प्रदर्शन पर भी प्रभाव नजर आया और सीएसके की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में 2 विकेट खोकर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है।

सीएसके की टीम के लिये इस सीजन ओपनर्स ने ज्यादा अच्छा काम नहीं किया है लेकिन इस मैच में डेवॉन कॉन्वे (नाबाद 85) और ऋतुराज गायकवाड़ (99) ने जबरदस्त तरीके से पारी का आगाज करते हुए सीएसके के लिये आईपीएल की सबसे बड़ी साझेदारी करने का काम किया। सीएसके के लिये इस जोड़ी ने फाफ डुप्लेसिस और शेन वॉटसन की 181 रनों की साझेदारी के रिकॉर्ड को तोड़ने का कारनामा करते हुए पहले विकेट के लिये 182 रनों की साझेदारी की।
और पढ़ें: क्या IPL 2022 के बाद संन्यास लेंगे एमएस धोनी, कप्तानी में लौटते ही खुद दिया जवाब
इस दौरान अपनी खोयी हुई फॉर्म की तलाश कर रहे ऋतुराज गायकवाड़ ने जबरदस्त तरीके से पारी खेली और 57 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्के की मदद से 99 रनों की पारी खेली। गायकवाड़ अपने आईपीएल करियर के दूसरे शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन टी नटराजन की गेंद पर वो नर्वस 90 का शिकार हो गये और महज एक रन से आईपीएल 2022 का अपना पहला शतक लगाने से चूक गये।
पारी के बाद जब ऋतुराज गायकवाड़ से उनकी पारी को लेकर बात की गई तो उन्होंने कहा,'मेरा गेम प्लान बिल्कुल साफ था कि पिच काफी धीमी है, इस वजह से अपना शॉट खेलने से पहले मैंने पूरा समय लिया। मैंने कॉन्वे के साथ बल्लेबाजी नहीं की है लेकिन मैने उनके साथ काफी समय गुजारा है। मुझे उनसे जिस भी चीज की दरकार रही मैंने उनसे साफ-साफ कह दिया और वो मुझे मिला भी। पिच थोड़ी धीमी थी लेकिन अगर आप उस पर सेट हो जायें तो आप रन बना सकते हैं। मैं अपना संतुलन बनाने की ओर देख रहा था, इसी वजह से मैं न्यूट्रल रहने की कोशिश कर रहा था, हालांकि गेंद 30 यार्ड के सर्किल को पार नहीं कर सकी।'
और पढ़ें: 'वो गांगुली, धोनी और अजहर की तरह सोचता है', पूर्व पाक कप्तान ने बताया कौन बनेगा भारत का अगला कप्तान
गायकवाड़ ने आगे बात करते हुए कहा कि धोनी की वापसी से हमें ज्यादा कुछ अलग नहीं लगा, जाहिर है कि उनके आने से अलग तरह का आत्म-विश्वास होता है। हमारा सारा ध्यान प्रक्रिया पर खुद को बनाये रखना था। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस स्कोर को डिफेंड कर लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications