Constitution Day: 77 साल का हुआ भारतीय संविधान! वे 4 स्तंभ जिन्होंने हर दौर में भारत के लोकतंत्र को रखा अडिग

Constitution Day: आज 26 नवंबर 2026 को देश संविधान दिवस मना रहा है। 77 साल पहले, 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने उस ऐतिहासिक दस्तावेज को अंगीकार किया था, जिसने सदियों की गुलामी के बाद एक विविधतापूर्ण देश को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में खड़ा किया।

भारतीय संविधान महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा से लेकर जवाबदेह शासन सुनिश्चित करने तक, यह भारत के लोकतंत्र की आधारशिला है। समय के साथ बदलती परिस्थितियों के बीच भी यह लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा करते हुए देश का मार्गदर्शन कर रहा है।

Sanvidhan Divas - Editorial

संविधान दिवस के मौके पर भारत के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान की प्रस्तावना को उद्धृत करते हुए कहा कि इसमें जो 'We The People... (हम भारत के लोग) लिखा हुआ है, वो केवल तीन शब्द नहीं, एक आह्वान है, एक प्रतिज्ञा है, एक विश्वास है। संविधान में लिखी यह भावना, उस भारत की मूल भावना है जो दुनिया में लोकतंत्र की जननी रहा है।

भारतीय संविधान उसमें निह्त तत्त्वों और मूल भावनाओं की वजह से अनोखा संविधान है। मूल संविधान जिसे भारत की संविधान सभा ने साल 1949 में अंगीकार किया था उसमें 1951 के पहले संशोधन से लेकर अब तक 106 संशोधन हो चुके है। विश्व का सबसे बडा लिखित संविधान अपने लचीले प्रकृति के कारण देश-काल की जरूरतों के मुताबिक खुद को ढालकर एक सुदृढ लोकतंत्र की मजबूत आधार बना हुआ है।

आइए आज समझते हैं कि आखिर भारतीय संविधान में ऐसा क्या खास है, जो इसे दुनिया के कई अन्य देशों के संविधानों से अलग और चिरंतन बनाता है? इसका जवाब उन चार प्रमुख संस्थागत स्तंभों में छिपा है, जिन्हें संविधान निर्माताओं ने बड़ी दूरदर्शिता के साथ गढ़ा था।

1.संघीय और एकात्मक व्यवस्था का अनूठा संतुलन

भारत जैसे विशाल और बहुभाषी देश को एकजुट रखने के लिए संविधान निर्माताओं ने एक अनोखा मॉडल चुना। भारतीय संविधान न तो पूरी तरह अमेरिका जैसा कठोर फेडरल स्ट्रक्चर है और न ही ब्रिटेन जैसा पूरी तरह यूनिटरी सिस्टम।

सामान्य परिस्थितियों में यह केंद्र और राज्यों के बीच शक्तियों का स्पष्ट बंटवारा करता है - जिसे सातवीं अनुसूची के तहत संघ, राज्य और समवर्ती सूची में बांटा गया है। वहीं, राष्ट्रीय संकट या आपातकाल की स्थिति में यही संविधान केंद्र को इतनी ताकत देता है कि देश की एकता और अखंडता पर कोई आंच न आए। यही लचीलापन भारत की लोकतांत्रिक स्थिरता की बड़ी वजह है।

2. सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार - हिंद देश के निवासी सभी जन एक हैं

आज हमें वोट डालने का अधिकार सामान्य बात लग सकती है, लेकिन 1949-50 में यह दुनिया का सबसे साहसिक लोकतांत्रिक प्रयोग था। संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत भारत ने आज़ादी के तुरंत बाद बिना किसी जाति, धर्म, लिंग, शिक्षा या संपत्ति के भेदभाव के हर वयस्क नागरिक को वोट का अधिकार दिया।

ध्यान देने वाली बात यह है कि अमेरिका और ब्रिटेन जैसे कई पश्चिमी लोकतंत्रों को महिलाओं और सभी वर्गों को मताधिकार देने में दशकों लग गए थे। भारत में शुरुआत में मतदान की आयु 21 वर्ष रखी गई थी, जिसे 1988 में 61वें संविधान संशोधन के जरिए घटाकर 18 वर्ष कर दिया गया, ताकि युवाओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

3. स्वतंत्र न्यायपालिका: नागरिकों के अधिकारों की ढाल

मजबूत लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि कानून बनाने वालों और उसे लागू करने वालों पर एक स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था हो। भारतीय संविधान ने अनुच्छेद 50 के तहत कार्यपालिका और न्यायपालिका के पृथक्करण का सिद्धांत रखा।

संविधान के भाग-3 में नागरिकों को मौलिक अधिकार (अनुच्छेद 12 से 35) दिए गए हैं और अनुच्छेद 32 (संवैधानिक उपचारों का अधिकार) के जरिए सीधे सुप्रीम कोर्ट जाने का हक दिया गया है, जिसे भारत के संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान का 'हृदय और आत्मा' कहा था। साल 1973 के ऐतिहासिक केशवानंद भारती मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए 'मूल ढांचा सिद्धांत' (Basic Structure Doctrine) ने यह सुनिश्चित किया कि संसद संविधान में संशोधन तो कर सकती है, लेकिन इसके लोकतांत्रिक और बुनियादी स्वरूप को नहीं बदल सकती।

4. विकेंद्रीकृत शासन: पार्लियामेंट से पंचायत तक लोकतंत्र

संविधान निर्माताओं का सपना था कि लोकतंत्र केवल संसद और विधानसभाओं तक सीमित न रहे, बल्कि गांव और मोहल्ले स्तर तक पहुंचे। इसी सोच को 1992 में 73वें (पंचायती राज) और 74वें (शहरी स्थानीय निकाय) संविधान संशोधन के जरिए संवैधानिक दर्जा दिया गया। इसके चलते आज देश में लाखों निर्वाचित जनप्रतिनिधि, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की है, सीधे स्थानीय विकास और शासन की भागीदारी निभा रहे हैं।

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

भारतीय संविधान को तैयार करने में 2 वर्ष, 11 माह और 18 दिन का समय लगा। डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता वाली संविधान सभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति ने इसे तैयार किया। 26 नवंबर 1949 को इसे अपनाया गया और दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को यह पूरी तरह लागू हुआ।

साल 2015 में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार ने आधिकारिक रूप से 26 नवंबर को 'संविधान दिवस' के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इससे पहले इस दिन को 'राष्ट्रीय विधि दिवस' (National Law Day) के रूप में मनाया जाता था।

77 वर्षों की इस यात्रा में दुनिया के कई देशों में संविधान बदले या लोकतंत्र डगमगाए, लेकिन भारतीय संविधान अपने लचीलेपन, मौलिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के संतुलन के कारण आज भी देश के हर नागरिक की सबसे बड़ी गारंटी बना हुआ है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+