CSK vs RCB: मुश्किल कैच पकड़ने के चक्कर में चोटिल हुए जडेजा, ग्राउंड पर दर्द से करहाते हुए दिखे
नई दिल्ली, मई 04। IPL 2022 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच में ग्राउंड पर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक ऐसी घटना घटी जो आगे के मैचों के लिए टीम की चिंता बढ़ा सकती है। दरअसल, सीएसके के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा एक कैच पकड़ने के चक्कर में चोटिल हो गए हैं। जडेजा की चोट इतनी गहरी थी कि बीच में मैच को कुछ देर के लिए रोकना पड़ गया था।

जडेजा को कैसे लगी चोट?
यह घटना आरसीबी की पारी के 18वें ओवर की है, जब आरसीबी के बल्लेबाज महिपाल लॉमरॉर ने एक हवाई शॉट खेला। तभी रवींद्र जडेजा ने एक मुश्किल कैच को पकड़ने के लिए डाइव लगा दी। इस कोशिश में जडेजा कैच तो नहीं पकड़ पाए, लेकिन वो कंधे के बल मैदान पर बहुत जोर से गिरे। इसके बाद कुछ मिनटों के लिए जडेजा को मैदान पर ही करहाते हुए देखा गया।

चोट के बाद भी फील्डिंग करने लगे जडेजा
जडेजा के चोटिल होने के बाद मैदान पर फिजियो की एंट्री भी हुई। फिजियो ने इस दौरान जडेजा की अच्छे से जांच की और सबकुछ ठीक होने के बाद फीजियो ने कहा कि कोई दिक्कत नहीं है। जडेजा इसके बाद मैदान से बाहर नहीं गए बल्कि फील्डिंग करने लगे। आपको बता दें कि रवींद्र जडेजा भारतीय क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ फील्डरों में से एक हैं। मैदान पर बहुत ही कम मौके ऐसे होते हैं, जब जडेजा के हाथों से कैच ड्रॉप होता है।

चेन्नई में कई खिलाड़ी चल रहे हैं चोटिल, 2 हुए बाहर
आपको बता दें कि जडेजा का मैदान पर चोटिल हो जाना चेन्नई के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था। चेन्नई के दो खिलाड़ी पहले ही चोट की वजह से ही आईपीएल का कोई मैच खेले बिना ही टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। तेज गेंदबाज दीपक चाहर और एडम मिलने इंजरी की वजह से ही आईपीएल 2022 से बाहर हो गए हैं। वहीं अंबाती रायडु और मोईन अली भी चोट की वजह से 2 मुकाबले नहीं खेले थे।
ये भी पढ़ें: 'धोनी जैसा कप्तान जीवन में एक बार आता है', पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दिया बयान












Click it and Unblock the Notifications