RCB vs MI: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान के बाद गिब्स ने की कोहली की प्रशंसा, बोले- 'विराट से बेहतर कोई नहीं'
विराट कोहली की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी को लेकर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के बाद दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने ट्वीट कर स्टार क्रिकेटर की प्रशंसा की है।

IPL 2023: विराट कोहली ने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पहले मैच में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक और चेजिंग प्रदर्शन दिखाया । एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में कोहली की (82*) तूफानी पारी ने आरसीबी के लिए एक शानदार वापसी का मौका दिया, जिसके चलते टीम ने एमआई के खिलाफ आठ विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में मिली जीत के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने कोहली को 'दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज' बताते हुए ट्वीट किया है।
विराट कोहली की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की वॉन ने की प्रशंसा
दरअसल, विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से रौंद दिया। बेंगलुरु के गेंदबाजों ने पहले मुंबई को सात विकेट पर 171 रन पर रोक दिया। उसके बाद महज 16.2 ओवर में दो विकेट गंवाकर 172 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के सलामी बल्लेबाज कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने शानदार शुरुआत करते हुए रिकॉर्ड 148 रनों की साझेदारी की, जिसमें दोनों बल्लेबाजों ने अपनी अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान फाफ अंत में आउट हो गए, लेकिन कोहली ने एक छक्का लगाकर मैच ही समाप्त कर दिया, और आरसीबी ने 22 गेंद शेष रहते जीत हासिल कर ली।
कोहली ने मुंबई के खिलाफ 49 गेंद में नाबाद 82 रन बनाए
इस रोचक मुकाबले में कोहली ने मैच के दौरान छह चौकों और पांच छक्कों की मदद से 49 गेंद में नाबाद 82 रन बनाए और यह आईपीएल इतिहास में उनकी 50वीं अर्धशतकीय पारी थी, जिससे वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज बन गए और कुल मिलाकर डेविड वार्नर के बाद दूसरे स्थान पर आ गए।
ये भी पढ़ें- 'RCB....RCB...,' बेंगलुरु मेट्रो के अंदर चीयर करते आरसीबी के फैंस का Video वायरल
हर्शल गिब्स ने भी विराट की प्रसंशा में कही ये बात
मैच के बाद वॉन कोहली से पूरी तरह प्रभावित नजर आए, उन्होंने बल्लेबाज और आरसीबी दोनों की जमकर तारीफ की। उन्होंने ट्वीट कर विराट को विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बताया, साथ ही कहा कि, 'वह बल्लेबाजी को बहुत आसान बना देते हैं।' इस बीच सोमवार को वॉन के ट्वीट के जवाब में कोहली के पसंदीदा क्रिकेटर, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने एक ट्वीट कर लिखा, 'यहां तक कि जब वह अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं है, तब भी विराट से बेहतर कोई नहीं है।' दरअसल, अंडर-19 विश्व कप वीडियो के दौरान कोहली ने कहा था कि उनके पसंदीदा क्रिकेटर गिब्स हैं।












Click it and Unblock the Notifications