'पल दो पल का शायर' जैसा तो नहीं ये VIDEO! धोनी को लेकर CSK के नए पोस्ट से माही फैंस हुए परेशान
महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) ने आईपीएल (IPL) के एक और सीजन में आने के लिए अपने फैंस से वादा किया है। धोनी ने आईपीएल 2023 का फाइनल मुकाबला जीतने के बाद कहा था कि वह फैंस के लिए गिफ्ट के तौर पर एक और सीजन खेलना चाहेंगे।
क्या धोनी अपना यह वादा तोड़ने जा रहे हैं? चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर धोनी की एक ऐसी वीडियो पोस्ट की है, जिसके चलते फैंस चिंतित हो गए हैं।

यह वीडियो धोनी के रिटायरमेंट से जोड़कर देखी जा रही है क्योंकि इसका कंटेंट कुछ ऐसा ही है। सीएसके के टि्वटर हैंडल पर पोस्ट इस वीडियो में धोनी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सीढ़ियों पर ऊपर चढ़ते हुए देखा जा सकता है और बैकग्राउंड में एक शानदार म्यूजिक बजता है जो काफी प्रेरणादायक है।
इस दौरान धोनी के ऊपर चढ़ने का सीन बैकग्राउंड में चला जाता है और फोरग्राउंड में धोनी की विभिन्न किस्म की फोटो आने लगती है। चेन्नई सुपर किंग्स ने इसके लिए जो कैप्शन और इमोजी पोस्ट की है उसने फैंस को और भावुक बनाया है।
सीएसके ने कैप्शन पर लिखा है- ओह कैप्टन, माय कैप्टन! और उसके बाद मुस्कान के साथ आंखों में आंसू वाली एक इमोजी पोस्ट की है। पोस्ट देखकर लगता है कि धोनी आईपीएल से भी अपनी विदाई के नजदीक पहुंच चुके हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल का पिछला सीजन छोड़ते हुए कहा था, "काफी कुछ मेरी बॉडी के ऊपर निर्भर करता है। अभी मेरे पास छह-सात महीने तय करने के लिए हैं। यह मेरी ओर से एक गिफ्ट की तरह होगा। पर यह मेरे लिए आसान नहीं है, लेकिन यह गिफ्ट होगा। जिस तरह से उन्होंने (फैंस) मुझे प्यार दिया है, मुझे लगता है मुझे भी उनके लिए कुछ करने की जरूरत है।"
लेकिन जैसे कि धोनी ने कहा कि ये इतना आसान नहीं होने जा रहा है, तो देखना होगा कि धोनी अपनी फिटनेस संभाल कर रख पाते हैं या नहीं। धोनी ने हाल ही में अपने घुटने की सर्जरी कराई है जिसने उन्हें आईपीएल के पूरे सीजन में परेशान किया था।
वीडियो पर कुछ फैंस के रिएक्शन आप यहां पर देख सकते हैं। इस पोस्ट से किसी को भी लगेगा कि यह एक प्रकार का हिंट है जहां धोनी अपने रिटायरमेंट की घोषणा जल्द ही करने वाले हैं।
कमेंट में फैंस एमएस धोनी को हमेशा के लिए प्यार दे रहे हैं और कहते हैं कि, हम जानते हैं, एक दिन यह दिन भी आएगा जब धोनी नहीं खेलेंगे। लेकिन हमारा दिल इस चीज को अभी भी स्वीकार नहीं करता है।
फैंस साफ साफ कहते हैं कि हम अभी तैयार नहीं है।
तो क्या धोनी अपने दीवाने फैंस का दिल तोड़ देंगे या एक और सीजन में वे गिफ्ट देने आ रहे हैं? यह भी आने वाले समय में जल्द ही पता चल जाएगा। धोनी ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था तब भी एक वीडियो शेयर किया था जो बैकग्राउंड में कह रहा था- मैं पल दो पल का शायर हूं...












Click it and Unblock the Notifications