Blind Cricket T20 World Cup: भारत ने जीता रिकॉर्ड तीसरी बार ख़िताब, फाइनल में बांग्लादेश को बुरी तरह हराया
ब्लाइंड क्रिकेट टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम ने बाजी मार ली, फाइनल मैच में टीम इंडिया ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

Blind Cricket T20 World Cup: भारतीय टीम ने दृष्टिबाधित टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मैच में बांग्लादेश को बुरी तरह हराते हुए खिताब हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप के तीसरे संस्करण के फाइनल मैच में बांग्लादेश को 120 रनों के बड़े अंतर से हराते हुए जीत हासिल की। भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार खिताब जीता है। अब तक हुए तीनों टी20 वर्ल्ड कप भारतीय टीम के नाम रहे हैं। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में बांग्लादेश टीम पूरी तरह से पीछे नज़र आई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिए और तेज बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाने की रणनीति के साथ बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर करने के इरादे दिखाए और वही देखने को मिला। टीम इंडिया ने 2 विकेट पर 277 रनों का स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। भारतीय टीम की तरफ से दो शतकीय पारियां देखने को मिली। सुनील रमेश ने भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। वह 163 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके अलावा अजय रेड्डी ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 100 रन बनाए।
जवाब में खेलते हुए बांग्लादेश टीम बड़े लक्ष्य का दबाव नहीं झेल पाई। उनके बल्लेबाजों ने प्रयास किया लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने समझदारी से गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश को 3 विकेट पर 157 रनों के स्कोर तक ही सीमित कर दिया। इस तरह टीम इंडिया ने तीसरी बार हो रहे इस वर्ल्ड कप को अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2012 और 2017 में भी यह टी20 वर्ल्ड कप जीता था। अन्य कोई टीम अब तक खिताब नहीं जीत पाई है।
बेंगलुरु के एम् चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारतीय टीम की जीत पर फैन्स ने काफी तालियाँ बजाई और हूटिंग की। इसे टीवी पर साफ़ देखा जा सकता था। भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने भी तिरंगा हाथ में लेकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया और मैदान कर चारों तरफ एक चक्कर लगाया।












Click it and Unblock the Notifications