IPL Auction 2025: आईपीएल में आज की नीलामी का सबसे बड़ा उलटफेर, डेविड वॉर्नर के लिए नहीं लगी बोली
IPL Auction 2025: आईपीएल नीलामी के पहले दिन कुछ चौंकाने वाली बिड देखने को मिली। वेंकटेश अय्यर के ऊपर लगभग 24 करोड़ की बोली केकेआर ने लगाई। उधर ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर भी पैसे से मालामाल हो गए। कई प्लेयर्स के ऊपर उम्मीद से ज्यादा बोली लगी।
कुछ खिलाड़ी ऐसे रहे हैं जिनके ऊपर किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई। इनमें एक बड़ा नाम डेविड वॉर्नर का रहा है। डेविड वॉर्नर के ऊपर किसी ने बोली नहीं लगाई। दो करोड़ रुपये बेस प्राइस के साथ डेविड वॉर्नर को किसी ने नहीं खरीदा। उनकी तरह इंग्लैंड के एक खिलाड़ी के साथ भी हुआ।

इंग्लैंड से आने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को किसी ने नहीं खरीदा। वह भी 2 करोड़ की ओपनिंग बिड के साथ आए थे। नीलामी के लिए नाम पुकारने के बाद भी बेयरस्टो को किसी टीम ने नहीं खरीदा। वॉर्नर को नहीं खरीदना थोड़ा हैरान करता है।
वॉर्नर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे हैं। इससे पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में थे। हैदराबाद के लिए वॉर्नर कप्तानी भी कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद वॉर्नर को फैन्स आईपीएल में देखना चाहते हैं। हो सकता है कि दूसरे दिन की नीलामी में कोई टीम उनको बेस प्राइस में खरीद ले।
आईपीएल करियर की बात करें, तो डेविड वॉर्नर ने काफी रन बनाए हैं। उन्होंने 184 मुकाबले खेलकर 6565 रन अपने नाम किये हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट लगभग 140 का रहा है। वॉर्नर ने आईपीएल में कुल चार शतकीय पारियां खेली हैं। इसके अलावा 62 फिफ्टी भी उन्होंने जमाई है।
साल 2024 में उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा था। वह 8 मुकाबले खेलकर 168 रन बना पाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 134 के करीब रहा था। एक फिफ्टी उनके बल्ले से आई थी। आईपीएल में वह साल 2009 में अपना पहला सीजन खेलने उतरे थे।












Click it and Unblock the Notifications