BAN vs AFG: बांग्लादेश ने की अफगानी गेंदबाजों की कुटाई, पहले दिन बनाया पहाड़ जैसा स्कोर
बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की।
BAN vs AFG Only Test: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के पहले ही दिन मेजबान बांग्लादेश ने रनों का अम्बार लगा दिया। बांग्लादेश ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट पर 362 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। मेजबान टीम के बल्लेबाज मेहदी हसन मिराज 43 और मुशफिकुर रहीम 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
ढाका में खेले जा रहे इस मुकाबले में अफगानिस्तान के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। यह फैसला सही भी साबित हो गया। बांग्लादेश के ओपनर बल्लेबाज जाकिर हसन महज 1 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

जाकिर हसन को आउट करने वाले गेंदबाज निजत मसूद थे। मसूद अपना डेब्यू कर रहे थे और पहली गेंद पर ही उन्होंने विकेट झटका। वर्ल्ड क्रिकेट में टेस्ट डेब्यू में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले वह 22वें गेंदबाज बन गए। पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद बांग्लादेश ने रन बनाये।
नजमुल होसैन और महमुदुल हसन ने मिलकर अफगानी गेंदबाजों की कुटाई कर डाली। दोनों ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया और तेजी से रन भी बनाये। दूसरे विकेट के लिए इन बल्लेबाजों ने 200 से ज्यादा की भागीदारी कर डाली। इस बीच महमुदुल 76 रन बनाकर आउट हो गए।
नजमुल ने अपना शानदार शतक जमा दिया। वह शतक के बाद भी क्रीज पर टिके रहे और 146 के निजी स्कोर पर आउट होकर गए। मोमिनुल हक के बल्ले से महज 15 रन ही आये। लिटन दास के बल्ले से रन आने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह 9 रन बनाकर आउट हो गए।
मुशफिकुर रहीम ने अपने ही अंदाज में बैटिंग की और दिन का खेल समाप्त होने तक 41 के स्कोर पर नाबाद रहे। उनके अलावा मेहदी हसन ने भी नाबाद 43 रन बनाये। इस तरह बांग्लादेश ने 5 विकेट पर 362 रनों का स्कोर खड़ा किया। अफगानिस्तान की तरफ से डेब्यू करने वाले निजत मसूद ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा जहीर खान, आमिर हमजा और रहमत शाह ने 1-1 विकेट हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications