नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस फिरकी गेंदबाज की बोलती है तूती, ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की खोद देगा कब्र
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा। यह ग्राउंड अक्षर पटेल का होम ग्राउंड है। यहां उनका रिकॉर्ड शानदार है।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरू होगा। टीम इंडिया अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। भारत के लिए यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से बेहद ही अहम होगा तो वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम भी यह टेस्ट मैच जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करने का प्रयास करेगी। हालांकि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत को हराना कतई आसान नहीं रहने वाला, क्योंकि इस मैदान पर जिस खिलाड़ी की तूती बोलती है वो टीम इंडिया का हिस्सा है और इस बात की संभावना बहुत अधिक है कि वो खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा भी होगा। हम बात कर रहे हैं लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल की, जिनका मोटेरा के ग्राउंड पर सिक्का चलता है।

मोटेरा में अक्षर का है दमदार रिकॉर्ड
अहमदाबाद का यह स्टेडियम अक्षर पटेल का होम ग्राउंड है और उनका यहां पर रिकॉर्ड भी दमदार है। अक्षर पटेल ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ इसी मैदान पर अपना टेस्ट डेब्यू किया था। अपने डेब्यू मैच में ही अक्षर पटेल ने 11 विकेट हासिल किए थे। भारत ने यह सीरीज 3-1 के अंतर से जीती थी और अक्षर पटेल ने पूरी सीरीज में 20 विकेट हासिल किए थे। इस पूरी सीरीज में भारतीय गेंदबाजों ने 27 विकेट हासिल किए थे, जिसमें से 20 अक्षर के ही थे। इस सीरीज के आखिरी टेस्ट में अक्षर पटेल 10 विकेट लेने से भी चूक गए थे। अक्षर पटेल ने इसी मैदान 3 बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया है।

अभी तक सीरीज में अक्षर पटेल को मिला है सिर्फ एक विकेट
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भले ही अक्षर पटेल का रिकॉर्ड बहुत ही शानदार रहा है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में अभी तक अक्षर गेंदबाजी में प्रभावी नहीं दिखे हैं। अक्षर पटेल ने सीरीज के तीनों मैच खेले हैं, जिसमें उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला है। हालांकि इस दौरान उन्होंने बल्ले से दमदार खेल दिखाया है। अक्षर ने अभी तक सीरीज में 185 रन बना लिए हैं, जिसमें उनके दो अर्द्धशतक शामिल हैं। इन तीन मैचों में जडेजा ने 21 और अश्विन ने 18 विकेट लिए हैं। अहमदाबाद टेस्ट में अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को भी खिलाए जाने की चर्चा जोरों पर है, लेकिन अक्षर को बाहर बिठाना इतना आसान रहने वाला नहीं है।

कुलदीप और अक्षर में से कौन रहेगा बेस्ट?
अहमदाबाद टेस्ट के लिए जब रोहित प्लेइंग इलेवन तय करेंगे तो कुलदीप और अक्षर में से एक का चयन करना वाकई मुश्किल रहेगा, क्योंकि कुलदीप यादव का भी पिछले कुछ टेस्ट मैचों में प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में 8 विकेट लिए थे और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे। उसके बाद उन्हें सीरीज के किसी मैच में नहीं खिलाया गया था। अहमदाबाद टेस्ट में कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में लिए जाने की चर्चा है, लेकिन अक्षर का हालिया फॉर्म और अहमदाबाद में उनका रिकॉर्ड उनकी दावेदारी को मजूबत करता है। अक्षर की दावेदार इसलिए भी मजबूत है क्योंकि वो इस समय बैट से बहुत अच्छा कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications