वर्ल्ड कप में Alyssa Healy का धमाका! लगातार जड़ दिए दो शतक, सेमीफाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया
Womens World Cup 2025, Alyssa Healy: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली का शानदार फॉर्म जारी है। उन्होंने गुरुवार को महिला वनडे विश्व कप के मैच में बांग्लादेश के खिलाफ लगातार दूसरा शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से आसान जीत दिलाई। उनके इस प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया अब सेमीफाइनल की ओर एक बड़ा कदम बढ़ा चुकी है।
ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया (Womens World Cup 2025, Alyssa Healy)
मैच की बात करें तो पहले गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 50 ओवर में केवल 198/9 के मामूली स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद हीली (77 गेंदों पर 113 रन*) और फोबी लिचफील्ड (72 गेंदों पर 84 रन*) की आक्रामक ओपनिंग जोड़ी ने इस लक्ष्य को महज़ 24.5 ओवर में बिना कोई विकेट खोए हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले भारतीय टीम को भी एक रोमांचक मुकाबले में हराया था।

हीली-लिचफील्ड का तूफानी प्रदर्शन
सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के लिए लक्ष्य का पीछा करना मानों केक वॉक था। हीली टूर्नामेंट में पहले संघर्ष कर रही थीं, लेकिन पिछले दो मैचों में उन्होंने फॉर्म में शानदार वापसी की। उन्होंने इससे पहले रिकॉर्ड 331 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 142 रन की शानदार पारी खेली थी। इस मैच में हीली और लिचफील्ड ने बांग्लादेश के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।
हीली ने शुरू से ही मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए, जबकि लिचफील्ड ने भी अपनी आक्रामक शैली से उनका पूरा साथ दिया। हीली ने अपनी नाबाद पारी में 20 चौके जड़े, जबकि लिचफील्ड ने 12 चौके और एक छक्का लगाया। लिचफील्ड ने फरीहा तृष्ना को लगातार दो चौके लगाकर 25 ओवर से पहले ही जीत पर मुहर लगा दी।
बांग्लादेश का रहा निराशाजनक प्रदर्शन
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन पूरी पारी के दौरान वह संघर्ष करती दिखी। अगर शोबाना मोस्टारी (80 गेंदों पर 66 रन*) की साहसी नाबाद अर्धशतकीय पारी और रुबया हैदर (44 रन) की शुरुआती पारी नहीं होती तो बांग्लादेश 200 रन के करीब भी नहीं पहुंच पाती। मोस्टारी का 66 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भी बांग्लादेशी बल्लेबाज का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी रहा।
हालांकि, रुबया हैदर (59 गेंदों पर 44 रन) आक्रामक तो दिखीं, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। ऑस्ट्रेलिया के लिए अलाना किंग, अन्नाबेल सदरलैंड, एशले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहम ने दो-दो विकेट लेकर बांग्लादेश के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया।












Click it and Unblock the Notifications