भारत-पाकिस्तान का गोल्ड मेडल मैच? एशियन गेम्स में बन रहा है ऐसा दिलचस्प संयोग
एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में बारिश ने नॉकआउट मुकाबलों का पूरा समीकरण बदल दिया है। भारत और पाकिस्तान की टीमें अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले बिना एक भी गेंद खेले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। अब दोनों के सामने एक-एक कदम और है। अगर सेमीफाइनल भी बारिश की वजह से रद्द होते हैं, तो क्या एशियन गेम्स के फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आ सकते हैं?
भारत का सेमीफाइनल श्रीलंका से और पाकिस्तान का मुकाबला बांग्लादेश से होना है। दोनों मैच 1 अक्टूबर को खेले जाने हैं। टूर्नामेंट के नॉकआउट नियमों के मुताबिक अगर मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलता है तो बेहतर आईसीसी टी20 रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह मिलती है।

यही नियम क्वार्टर फाइनल में भी देखने को मिला। भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच बारिश के कारण शुरू नहीं हो सका। भारत की टी20 रैंकिंग अफगानिस्तान से बेहतर थी, इसलिए उसे सेमीफाइनल में जगह मिल गई। इसी तरह पाकिस्तान भी अपने क्वार्टर फाइनल में बिना मैच खेले आगे बढ़ा।
अब सेमीफाइनल में भारत के सामने श्रीलंका और पाकिस्तान के सामने बांग्लादेश है। मौजूदा आईसीसी टी20 रैंकिंग के आधार पर भारत श्रीलंका से और पाकिस्तान बांग्लादेश से ऊपर है। इसलिए अगर दोनों सेमीफाइनल में भी बारिश इतनी ज्यादा हुई कि मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका, तो रैंकिंग के आधार पर भारत और पाकिस्तान फाइनल में पहुंच सकते हैं।
सेमीफाइनल को लेकर बारिश का क्या अनुमान?
इस एशियन गेम्स में अब तक बारिश का असर इतना बड़ा रहा है कि एक अलग ही स्थिति बन गई है। बताया जा रहा है कि सेमीफाइनल मैचों में भी बारिश की स्थिति में ज्यादा बदलाव शायद देखने को नहीं मिलेगा। इस कंडीशन में फाइनल मैच के लिए भारत-पाक की टक्कर के कयास लग रहे हैं। अब देखना होगा कि एक अक्टूबर के दिन मौसम कैसा रहता है।
दोनों टीमों को मिलेंगे मेडल
यहां एक और अहम नियम यह भी है कि अगर फाइनल मैच में दोनों टीमों को बारिश के कारण खेलने का मौका नहीं मिलता है, तो गोल्ड मेडल दोनों को मिलेगा। यह एशियन गेम्स में नया नियम लाया गया है। पिछले एशियन गेम्स में भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में बारिश के बाद गोल्ड मेडल मिला था। फाइनल में टॉप रैंक वाला नियम नहीं होगा।


Click it and Unblock the Notifications
