Asia Cup 2023: चहल-अश्विन ही नहीं इन क्रिकेटर्स का भी टूटा दिल, दमदार प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर
Asia Cup 2023, indian players: 30 अगस्त से शुरू होने जा रही एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी को मौका दिया गया, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी। वहीं कुछ नाम ऐसे भी हैं जिन्हें मौका नहीं देना टीम को भारी पड़ सकता है। टीम में चयन नहीं होने के बाद युजवेंद्र चहल और आर अश्विन की तरह कई और भारतीय खिलाड़ियों का दिल टूटा है।
धवन-भुवी को नहीं मिला मौका: शिखर धवन और भुवनेश्वर कुमार लंबे समय तक भारतीय वनडे टीम का हिस्सा रहे हैं। इन दोनों ही खिलाड़ी के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। वर्ल्ड कप से पहले शिखर धवन और भुवनेश्वर कुमार को टीम में जगह नहीं मिलने से ये साफ हो गया है कि ये दोनों ही खिलाड़ी अब भारत के लिए वनडे फॉर्मेट में खेलते नजर नहीं आएंगे।

अर्शदीप सिंह बाहर: पिछले कुछ सालों में अर्शदीप सिंह को लगातार भारतीय टीम की तरफ से खेलने का मौका मिलता रहा है। वह नई गेंद के साथ शुरुआती ओवर में विकेट लेने में सफल भी रहे हैं। इसके अलावा वह डेथ ओवरों में भी भारत के लिए काफी कारगार साबित होते रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें एशिया कप की टीम में शामिल नहीं किया गया। जिससे निश्चित तौर पर उनका मनोबल गिरा होगा।
जायसवाल-विश्नोई पर थी नजरें: भारतीय टीम जिस तरह से युवा खिलाड़ियों को बढ़ावा दे रही है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि ताबड़तोड़ बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को एशिया कप में जगह दी जा सकती है। लेकिन जायसवाल को टीम इंडिया के लिए अब तक वनडे फॉर्मेट में खेलने का मौका नहीं मिला है। वहीं रवि विश्नोई भी एशिया कप की टीम में जगह बनाने से चूक गए हैं।
सुंदर-मलिक को भी नहीं मिला मौका: अपनी रफ्तार से अलग पहचान बनाने वाले उमरान मलिक को एशिया कप की टीम में जगह नहीं गई है। वहीं ऑलराउंडर खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर भी एशिया कप की टीम से बाहर हो चुके हैं। इससे साफ है कि वनडे वर्ल्ड कप में भी शायद ही इन दोनों खिलाड़ियों की एंट्री टीम में हो।












Click it and Unblock the Notifications