Exclusive: यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल में से किसे करना चाहिए ओपन? अंजुम चोपड़ा ने व्यक्त की राय
भारतीय महिला टीम के लिए एक बड़ा इवेंट आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप है जो पहले बांग्लादेश में खेला जाना था लेकिन राजनीतिक उथल-पुथल के बीच इसे यूएई शिफ्ट कर दिया गया। इसके अलावा भारतीय पुरुष टीम बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलने वाली है।
हाल ही में बांग्लादेश ने पाकिस्तान में जाकर टेस्ट सीरीज में जीत दर्ज की है। इन तमाम बातों को लेकर भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने वनइंडिया से विशेष बातचीत की है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।

टी20 वर्ल्ड कप में संतुलित टीम
महिला टी20 वर्ल्ड कप को लेकर भारतीय प्लेयर्स के बारे में चोपड़ा ने कहा कि वे अगर स्किल लेवल पर खेलेंगी, तो अच्छा खेलेंगी। बैटिंग अच्छी है और बैलेंस हैं। कई खिलाड़ी चोटिल हैं, तो सलेक्शन के लिए उपलब्ध ही नहीं थे। यूएई में टूर्नामेंट में है, तो फ़ास्ट गेंदबाजी ऑल राउंडर होना चाहिए लेकिन जो टीम चुनी है, वह अच्छी है और छह महीने से खेल रही है।
एशिया कप में क्या रहा हार का कारण
महिला एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका से हार को लेकर अंजुम चोपड़ा ने कहा कि भारत ने तो वैसी क्रिकेट खेली, जैसा खेलती है लेकिन श्रीलंका ने पहले मैच से ही क्लोज गेम खेले। श्रीलंका ने सेमीफाइनल मैच में सुधार के साथ प्रदर्शन कर जीत दर्ज की। इससे यह साबित हुआ कि श्रीलंका अच्छी टीम है। उनके लिए यह परीक्षा थी और वे जीत गए।
सीनियरों के खेलने से दलीप ट्रॉफी में उत्साह
दलीप ट्रॉफी के पहले चरण में कई सीनियर खिलाड़ी खेले थे, अंजुम चोपड़ा ने कहा कि दलीप ट्रॉफी में सीनियर प्लेयर्स के खेलने से उत्साह रहता है, काफी लोग इसे फॉलो कर रहे हैं। सीनियर प्लेयर्स का गेम देखकर अन्य लड़के भी प्रभावित होते हैं। गेम की प्लानिंग और छोटी-छोटी तकनीक देखकर मज़ा आता है। सीनियर प्लेयर्स से इसकी अहमियत बढ़ जाती है।
गौतम गंभीर को समय देना चाहिए
भारतीय कोच के बारे में अंजुम चोपड़ा ने कहा कि गौतम ने खिलाड़ी के तौर पर अपना प्रदर्शन दिखाया है लेकिन कोचिंग रोल अलग है। एक सीरीज से जज नहीं कर सकते। नए काम के लिए समय देना चाहिए। वह खराब तो नहीं है लेकिन कितना अच्छा साबित होते हैं, यह भारतीय टीम के रिजल्ट से पता चलेगा।
रन बनाने वाले को रिकॉर्ड से नहीं पड़ता फर्क
सचिन और रूट के बीच रनों के रिकॉर्ड को लेकर चल रही बहस के बारे में अंजुम ने कहा कि इंग्लिश क्रिकेटर जो रूट के लिए रन बनाना हैबिट है, उनके लिए रन बनाने या रिकॉर्ड टूटने से फर्क नहीं पड़ता। कोई और आएगा, वह रूट से आगे निकल जाएगा। यह क्रिकेट में चलता रहता है। विलियमसन, कोहली, रूट जैसे खिलाड़ी जिस तरह लम्बे खेले हैं, यह देखना होगा कि आने वाले युग में ऐसा खेलने वाला कौन होगा।
गिल और जायसवाल में से किसे करना चाहिए ओपन
चोपड़ा ने कहा कि टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने पहले ओपन किया है और उनको बदलने का कोई कारण नजर नहीं आता है। अगर गिल और यशस्वी में से देखा जाए, तो यशस्वी को ओपन के लिए जाना चाहिए। शुभमन नम्बर तीन पर खेल सकते हैं और इन-फॉर्म बांग्लादेश के खिलाफ भारत कितने गेंदबाजों के साथ उतरता है, यह भी देखना होगा।












Click it and Unblock the Notifications