केरल क्रिकेट एसोसिएशन के फैसले पर देशभर में गुस्सा, संजू सैमसन को खेलने से रोकने के कारण बवाल
Sanju Samson: संजू सैमसन आजकल एक विवाद के घेरे में हैं। इस विवाद ने न सिर्फ उनके करियर की नींव को हिलाकर रख दिया है, बल्कि भारतीय क्रिकेट को भी एक धांसू मैच-विजेता से वंचित कर दिया है। केरल क्रिकेट संघ (केसीए) ने सैमसन को विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने से रोक दिया, जबकि उन्होंने अपनी उपलब्धता ईमेल के माध्यम से पहले ही सूचित कर दी थी। यह हैरान करने वाला फैसला शायद उन्हें वर्ष 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी टीम में शामिल होने से भी वंचित कर गया।
यह मामला तब शुरू हुआ, जब चोट से उबरने के बाद सैमसन ने केसीए को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की जानकारी दी। लेकिन केसीए ने उनके प्री टूर्नामेंट कैंप में अनुपस्थित रहने को अस्वीकार्य मानते हुए उन्हें टीम में शामिल करने से इनकार कर दिया।

केसीए के अध्यक्ष जयेश जॉर्ज ने कहा, "केरल क्रिकेट किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है।" हालाँकि, यह बयान टीम की सामूहिक शक्ति को दर्शाने के लिए दिया गया था, लेकिन यह साफ तौर पर सैमसन के योगदान और उनकी अहमियत को नज़रअंदाज करने वाला बयान भी दिखाई देता है।
केसीए ने अब्दुल बसीथ को शामिल करने के मामले में भी असमानता दिखाई। बसीथ ने न सिर्फ कैंप मिस किया, बल्कि वे शुरुआती 19 मेंबर टीम का हिस्सा भी नहीं थे। इसके बावजूद उन्हें टूर्नामेंट के तीसरे मैच में खेलने की अनुमति दी गई। वहीं, संजू सैमसन ने समय पर अपनी उपलब्धता की जानकारी दी थी, इसके बावजूद उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी गई। विरोध से घिरा यह फैसला यह दर्शाता है कि नियमों को चुनिंदा रूप से लागू किया गया और इस तरह संजू सैमसन को बाहर करना पहले से तय किया हुआ कदम प्रतीत होता है।
केरल से सांसद शशि थरूर ने भी इस फैसले की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे बदले की भावना से लिया गया और "केरल क्रिकेट की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाला निर्णय बताया। थरूर ने कहा, "जिसने अपने खेल से अपनी योग्यता साबित की हो, उस खिलाड़ी को खेलने का मौका न देना अक्षम्य है।" उनकी यह टिप्पणी देशभर के क्रिकेट फैंस की भावनाओं को व्यक्त करती है।
यह गलती ऐसे समय पर हुई है, जब भारतीय टीम के मध्यक्रम पर सवाल उठ रहे हैं। सैमसन दबाव में खेलते हुए रन बनाने, स्ट्राइक रोटेट करने और जरूरत पड़ने पर तेजी से रन जोड़ने की क्षमता रखते हैं, टीम के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण साबित हो सकते थे। उनकी गैर-मौजूदगी सिर्फ खिलाड़ी के तौर पर ही नहीं, बल्कि पूरी की पूरी टीम के लिए भी एक बहुत बड़ा नुकसान है।












Click it and Unblock the Notifications