‘कुछ खिलाड़ी सिर्फ एक बार रिटायर होते हैं…’, Amit Mishra ने लिए अफरीदी के मजे, जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली, 14 सितंबर: टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर अमित मिश्रा (Amit Mishra) आज कल सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। आए दिन मिश्रा जी को फनी ट्वीट्स करते देखा जा सकता है। हाल ही में उन्होंने एक ट्वीट कर ना सिर्फ पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी के मजे लिए, बल्कि उनकी क्लास भी लगा डाली। दरअसल, अफरीदी ने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को संन्यास लेने के लिए कहा था, इसी पर गुस्सा होते हुए अमित मिश्रा ने सरेआम अफरीदी को फटकार लगाई।

आखिर क्या बोले थे अफरीदी?
शाहिद अफरीदी ने समा न्यूज चैनल को दिए अपने बयान में कहा था कि ‘'विराट कोहली को फॉर्म में रहते हुए ही संन्यास लेना चाहिए। कोहली एक चैंपियन खिलाड़ी हैं, लेकिन एक समय आएगा जब उन्हें टीम से ड्रॉप किया जा सकता है। मेरा मानना है कि ऐसी नौबत आने से पहले ही विराट को संन्यास का ऐलान कर देना चाहिए। एशिया में बहुत ही कम खिलाड़ी ऐसा करते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि जब विराट रिटायर होंगे तो वह फॉर्म में ही होंगे जैसे अभी हैं।''

मिश्रा जी ने लिए मजे
अफरीदी के इस बयान के बाद अमित मिश्रा जी ने उनके मजे लेना का कोई मौका नहीं छोड़ा। अमित मिश्रा ने ट्वीट कर लिखा, ‘'प्रिय अफरीदी.. कुछ लोग केवल एक बार संन्यास लेते हैं इसलिए कृपया विराट कोहली को इन सब से बख्श दें।''
मिश्रा ने अपने ट्वीट से अफरीदी के ऊपर तंज कसा। दरअसल, शाहिद अफरीदी ने दो बार इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया और बाद में संन्यास वापस लेते हुए पाक टीम में वापसी भी की।

कोहली ने बनाए सबसे ज्यादा रन
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने एशिया कप में टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाए। कोहली के बल्ले से 5 मैचों में 92 की शानदार औसत और लगभग 148 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 276 रन देखने को मिले। इस दौरान उन्होंने 3 बार 50+ स्कोर भी बनाया, जिसमें एक शतक भी शामिल था। अफगानिस्तान के खिलाफ कोहली ने ढाई साल और 1020 दिन से चले आ रहे सूखे को खत्म कर इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना 71वां शतक ठोका था। वह 61 गेंदों पर 122 रन बनाकर नाबाद लौटे थे।












Click it and Unblock the Notifications