अजित अगरकर का 22 साल पुराना बैटिंग रिकॉर्ड आज भी कायम, रोहित और कोहली भी नहीं तोड़ पाये
Ajit Agarkar fastest ODI fifty Record: बीसीसीआई ने लम्बे समय से पेंडिंग चल रहे मुख्य चयनकर्ता के पद पर अजित अगरकर की नियुक्ति कर दी और यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी बात होगी। बोर्ड ने समझदारी से यह काम किया है। इसके अलावा अगरकर की सैलरी भी बढ़ाई गई है।
अगरकर भारतीय क्रिकेट में कोई अनजान नाम नहीं है। वनडे क्रिकेट में वह अपनी घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे। वह स्विंग और यॉर्कर में भरोसा रखते थे। अगरकर ने अपनी धारदार गेंदों से बल्लेबाजों ने नाम में दम कर दिया था। टेस्ट और टी20 क्रिकेट में वह कम खेले थे।

यह तो सभी जानते हैं कि अगरकर धाकड़ गेंदबाज हुआ करते थे। उन्होंने 191 वनडे मैचों में 288 विकेट झटके थे। अगर वह कुछ साल और खेल लेते, तो भारत के नम्बर एक वनडे गेंदबाज होते। एक और चीज है, जो ज्यादा लोग नहीं जानते। अगरकर के नाम वनडे में सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का भारतीय रिकॉर्ड है।
अगरकर के नाम सबसे तेज ODI फिफ्टी का रिकॉर्ड
एकदिवसीय क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे तेज फिफ्टी जड़ने का कीर्तिमान अजित अगरकर के नाम है। साल 2000 में उन्होंने यह रिकॉर्ड स्थापित किया था। आज भी यह भारतीय रिकॉर्ड कायम है। अगरकर ने राजकोट वनडे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। अन्य कोई भारतीय बल्लेबाज अब तक यह कीर्तिमान तोड़ने में सफल नहीं रहा है। वनडे में उनके नाम तीन फिफ्टी है, उनका सर्वाधिक स्कोर 95 रन है।
लॉर्ड्स में जमाया था टेस्ट शतक
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अगरकर ने एक ही शतक जड़ा था, वह टेस्ट में आया था। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में अजित अगरकर ने इंग्लैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। हालांकि भारतीय टीम को पराजय का सामना करना पड़ा था। साल 2002 में भारतीय टीम इंग्लैंड में खेलने के लिए गई थी। अगरकर ने दूसरी पारी में आठवें नम्बर पर बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाये थे।
गेंदबाजी में अगरकर के आंकड़े
टेस्ट क्रिकेट में अजित अगरकर ने कुल 26 मुकाबले टीम इंडिया के लिए खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 58 विकेट अपने नाम किये हैं। एक बार पारी में 5 विकेट झटके हैं। एकदिवसीय क्रिकेट में उनके नाम का डंका बजता था। आंकड़े भी कुछ यही बयां करते हैं। अगरकर ने 191 मैचों में 288 विकेट झटके हैं। पारी में 2 बार उन्होंने 5 विकेट झटके हैं। टी20 क्रिकेट में 4 मैचों में उनके नाम 3 विकेट है।












Click it and Unblock the Notifications