840000 की मोटी पेंशन उठाएंगे अजिंक्य रहाणे, किस वजह से BCCI देगी इतना पैसा? कितनी है कुल नेटवर्थ
Ajinkya Rahane Net Worth: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है। करीब दो दशक तक भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहे रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश के साथ अपने फैसले की जानकारी दी।
अजिंक्य रहाणे ने अपने करियर में कई यादगार पारियां खेलीं और विदेशी सरजमीं पर भारत की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। टेस्ट क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी और शांत कप्तानी की हमेशा तारीफ हुई। संन्यास के साथ उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का एक सुनहरा चैप्टर समाप्त हो गया, लेकिन भारतीय क्रिकेट में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

अजिंक्य रहाणे की कुल नेटवर्थ
अब अगर रहाणे की संपत्ति की बात करें तो उनकी नेटवर्थ को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आती हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी अनुमानित नेटवर्थ 70 से 80 करोड़ रुपये के बीच बताई जाती है। हालांकि रहाणे या उनके परिवार ने कभी अपनी कुल संपत्ति का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है, इसलिए इन आंकड़ों को अनुमान के तौर पर ही देखा जाता है।
रहाणे की कमाई का सबसे बड़ा जरिया क्रिकेट रहा है। भारतीय टीम के लिए खेलने के दौरान उन्हें बीसीसीआई से मैच फीस और केंद्रीय अनुबंध का लाभ मिला, हालांकि पिछले दो साल से वह अनुबंध का हिस्सा नहीं थे। इसके अलावा आईपीएल से भी उन्होंने वर्षों तक मोटी कमाई की। घरेलू क्रिकेट, ब्रांड एंडोर्समेंट और विज्ञापनों से होने वाली आय भी उनकी कुल कमाई में अहम योगदान देती है। वह NIKE, CEAT, IDFC First Bank आदि के विज्ञापनों में नजर आए हैं।
आईपीएल में अजिंक्य रहाणे कई फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं और हर सीजन उन्हें अच्छा अनुबंध मिला। किसी एक सीजन में उनको उच्चतम रेट 9.5 करोड़ का मिला है। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, जिससे उनकी लीग से होने वाली कमाई में और इजाफा हुआ।
कितनी मिलेगी अजिंक्य रहाणे को पेंशन
रिटायरमेंट के बावजूद अजिंक्य रहाणे की कमाई होती रहेगी। वह अब बीसीसीआई से पैसा कमाएंगे। बीसीसीआई अपने रिटायर प्लेयर्स को पेंशन देती है। 25 से ज्यादा टेस्ट मैच खेल चुके प्लेयर्स को 70000 रुपये हर महीने के मिलते हैं। उन्होंने 85 टेस्ट खेले हैं, यानी हर साल रहाणे को 840000 रुपये मिलेंगे। इसके बाद अब वह क्रिकेट में कोचिंग या कमेंट्री में जाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। इन दोनों ही फील्ड में पैसे की कमी नहीं है और रहाणे आसानी से अपनी कमाई कर सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
