PSL का खिताब जीत शाहीन अफरीदी ने रचा इतिहास, तोड़ा रोहित-स्मिथ का T20 वर्ल्ड रिकॉर्ड
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली फ्रैंचाइजी बेस्ड टी20 लीग पीएसएल के 7वें सीजन का समापन हो गया है, जिसका फाइनल मैच लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और मुल्तान सुल्तान्स की टीम के बीच खेला गया। लाहौर कलंदर्स की टीम ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में अपने पहले खिताब के इंतजार को खत्म करते हुए मुल्तान सुल्तान्स की टीम को 42 रनों से मात दी और पीएसएल का पहला खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ ही पीएसएल की सभी टीमों ने कम से कम एक बार खिताब जीतने का कारनामा कर लिया है।

वहीं 2019 के बाद से यह लगातार चौथी बार देखने को मिला है कि लीग स्टेज की समाप्ति के बाद अंकतालिका में दूसरे पायदान पर रहने वाली टीम खिताब जीतने में कामयाब हो रही है। शाहीन शाह अफरीदी ने अपनी टीम को पहला खिताब जिताने के साथ ही टी20 क्रिकेट में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
और पढ़ें: IND vs SL: कोहली को पीछे छोड़ श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, रोहित-राहुल की खास लिस्ट में हुए शामिल

अफरीदी ने तोड़ी रोहित-स्मिथ का रिकॉर्ड
शाहीन अफरीदी टी20 क्रिकेट में किसी फ्रैंचाइजी को खिताब जिताने वाले सबसे युवा कप्तान बने हैं, जिन्होंने महज 21 साल की उम्र में यह कारनामा किया है। अफरीदी ने इस मामले में भारत के रोहित शर्मा और ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ है। स्टीव स्मिथ ने बिग बैश लीग 2012 में सिडनी सिक्सर्स की टीम का नेतृत्व करते हुए महज 22 साल की उम्र में खिताब जिताया था तो वहीं पर रोहित शर्मा ने 26 साल की उम्र में दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल 2013 में मुंबई इंडियंस को पहला खिताब दिलाया था।

खराब शुरुआत के बावजूद लाहौर ने खड़ा किया अच्छा स्कोर
गौरतलब है कि लाहौर कलंदर्स की टीम ने पाकिस्तान सुपर लीग के पहले 6 सीजन में से सिर्फ एक बार ही प्लेऑफ के लिये क्वालिफाई किया था और 2020 में खेले गये फाइनल में हार का सामना किया था। लाहौर में खेले गये इस मैच में शाहीन अफरीदी की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, हालांकि उसकी शुरुआत काफी खराब रही। लाहौर कलंदर्स की टीम ने 4.2 ओवर्स के अंदर 25 रन बनाकर अपने 3 विकेट खो दिये थे, लेकिन मोहम्मद हाफिज के 46 गेंदों में 69 रनों की पारी ने उसे संभालने का काम किया। वहीं पर हैरी ब्रुक्स की ओर से 22 गेंदों में खेली गई नाबाद 41 रन और डेविड वीज की 8 गेंदों में नाबाद 28 रन की पारी ने लाहौर कलंदर्स की टीम को 180 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।

गेंदबाजों के सामने बिखरी मुल्तान सुल्तान
जवाब में अंकतालिका में टॉप पर रहने वाली मुल्तान सुल्तान की टीम कुछ खास नहीं कर पायी और 19.3 ओवर्स में 138 रन पर ऑल आउट हो गई। लाहौर कलंदर्स के लिये मोहम्मद हाफिज ने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी 2 विकेट चटकाये तो वहीं पर कप्तान शाहीन अफरीदी ने 3 विकेट हासिल किया। पीएसएल 2022 के एमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने जमान खान ने भी 2 विकेट चटका कर अपनी टीम को आगे रखा और अंत में लाहौर कलंदर्स की टीम खिताब जीतने में कामयाब हो गई।












Click it and Unblock the Notifications