IND vs SL: कोहली को पीछे छोड़ श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, रोहित-राहुल की खास लिस्ट में हुए शामिल
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने एक बार फिर अजेय रहते हुए विपक्षी टीम का सूपड़ा साफ किया है और 3-0 से सीरीज को अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम को इस सीरीज में जीत दिलाने में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा अहम भूमिका निभाई है वो हैं श्रेयस अय्यर जिन्होंने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए इस सीरीज में न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाने का काम किया बल्कि श्रीलंकाई गेंदबाज एक बार भी उनका विकेट हासिल करने में कामयाब नहीं हो सके। ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले 2022 टी20 विश्वकप से पहले अय्यर की इस तरह की बल्लेबाजी टीम के लिये काफी सकारात्मक है।

श्रेयस अय्यर ने श्रीलंका के खिलाफ खेली गई इस सीरीज के तीनों मैचों में नाबाद अर्धशतकीय पारियां खेली और सबसे अहम बात यह रही कि इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 150 से ज्यादा का रहा। धर्मशाला के मैदान पर खेले गये आखिरी मैच में अय्यर ने 45 गेंदों का सामना कर 9 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 73 रनों की पारी खेली और भारत को मैच जिताकर वापस लौटे।
और पढ़ें: PSL 2022 की चैम्पियन बनी लाहौर कलंदर्स तो जमकर पैसा बरसा, जानें किसे मिला कितना इनाम

अय्यर ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
अय्यर ने अपनी इस शानदार पारियों के दम पर पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है और 3 मैचों की टी20 सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। अय्यर ने श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों में 204 रन बनाये और पहले खिलाड़ी बने जिसने 200 के आंकड़े को पार किया। इस फेहरिस्त में विराट कोहली ( 199 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2016, 183 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2019), केएल राहुल (164 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2019) और रोहित शर्मा (159 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2021) को पीछे छोड़ने का कारनामा किया है। वहीं ओवरऑल आंकड़े की बात करें तो श्रेयस अय्यर 3 मैचों की टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गये हैं। उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर का नाम है जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2019 में दे अर्धशतक और शतक के दम पर 217 रन बनाये थे।

अर्धशतक की हैट्रिक लगाने वाले चौथे खिलाड़ी बनें अय्यर
इसके साथ ही श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेलने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं। उनसे पहले यह कारनामा विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल कर चुके हैं। वहीं अगर एक द्विपक्षीय सीरीज के दौरान लगातार 3 अर्धशतक जड़ने की बात की जाये तो श्रेयस अय्यर यह कारनामा करने वाले दूसरे ही भारतीय बल्लेबाज हैं। उनसे पहले सिर्फ कोहली ने ही यह कारनामा कर के दिखाया है।

ताबड़तोड़ पारियां खेल टीम को दिलायी जीत
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर ने इस पूरी सीरीज के दौरान मैदान पर उस समय कदम रखा जब भारतीय टीम थोड़ा सा संघर्ष करती नजर आयी, ऐसे में उन्होंने न सिर्फ पारी को संभाला बल्कि तेजी से रन बनाकर भारतीय टीम की जीत सुनिश्चित की। अय्यर ने पहले मैच में 28 गेंदों का सामना कर नाबाद 57 रनों की पारी खेली थी तो वहीं पर धर्मशाला के मैदान पर खेले गये दूसरे मैच में 44 गेंदों का सामना कर नाबाद 74 रन ठोंके थे। इन तीनों ही पारियों के दौरान अय्यर ने अपना अर्धशतक पूरा करने के लिये 25-29 गेंदों का सहारा लिया।
आपको बता दें कि श्रेयस अय्यर पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान कंधे की चोट से परेशान हुए थे, जिसके बाद उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा और वो लंबे समय तक खेल के मैदान से दूर रहे। वापसी के बाद भी अय्यर कुछ समय तक रंग में नहीं दिखे जिसकी वजह से उन्हें टी20 विश्वकप की टीम में जगह नहीं मिली और जब साउथ अफ्रीका दौरे पर मौका मिला तो वो उसका फायदा नहीं उठा सके। ऐसे में जब विराट कोहली की गैरमौजूदगी में मौका मिला तो उन्होंने न सिर्फ मैच जिताऊ पारियां खेली बल्कि रिकॉर्ड लिस्ट में भी अपना नाम सबसे ऊपर लिखा दिया।












Click it and Unblock the Notifications