अफगानिस्तान टीम ने भारत में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालीफाई, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका को छोड़ा पीछे
एशिया कप से लेकर अब तक अफगानिस्तान क्रिकेट टीम (Afghanistan Team) का ग्राफ ऊपर ही गया है। पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी करने वाली इस टीम ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। अफगानिस्तान टीम ने साल 2023 में भारतीय सरजमीं पर पर होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। श्रीलंका के खिलाफ दूसरा वनडे बारिश के कारण रद्द होने के बाद अफगानिस्तान की टीम ने वर्ल्ड कप में स्थान हासिल कर लिया। खास बात तो यह है कि वर्ल्ड कप सुपर लीग की तालिका में अभी दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज की टीमें अफगानिस्तान से पीछे हैं।

श्रीलंका के खिलाफ मैच बारिश से रद्द होने की वजह से अफगानिस्तान की टीम को वर्ल्ड कप सुपर लीग में पांच अंक मिले। इस तरह उनके कुल अंकों की संख्या 115 हो गई। मौजूदा तालिका में अफगानिस्तान की टीम सातवें नम्बर पर है और वर्ल्ड कप में आसानी से जगह हासिल कर ली। सुपर लीग की समाप्ति तक टॉप स्पॉट पर रहने वाली आठ टीमों को वर्ल्ड कप में सीधा प्रवेश मिलेगा। मेजबान देश होने के कारण भारतीय टीम पहले से ही क्वालीफाई कर चुकी है।
श्रीलंका को अफगानिस्तान ने हराया है
तीन मैचों की सीरीज में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को पहले मैच में 60 रनों के अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 8 विकेट पर 294 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में खेलते हुए श्रीलंकाई टीम 234 रन बनाकर आउट हो गई। पहले वनडे में जीत के बाद वर्ल्ड कप सुपर लीग की अंक तालिका में अफगानिस्तान की स्थिति मजबूत हुई थी।इससे पहले एशिया कप में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को टी20 मैच में पराजित किया था। अफगानिस्तान इस साल दो बार श्रीलंका को हराने में सफल रही है।
मेजबान टीम के पास 10 अंक लेने का मौका
पहला मैच हारने के बाद श्रीलंका की टीम सीरीज में पिछड़ गई थी। दूसरे वनडे से मेजबान टीम को उम्मीद थी लेकिन बारिश ने मज़ा खराब कर दिया और मुकाबला रद्द करना पड़ा था। अभी तीसरा और अंतिम मुकाबला बचा है। इसे जीतकर श्रीलंका 10 अंक जुटाने का प्रयास करेगी। अंतिम मैच में जीत के साथ श्रीलंकाई टीम सीरीज भी बराबरी पर समाप्त करना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications