AFG vs PAK: 'तुम शारजाह में हो पर्थ में नहीं,' शादाब खान को जमकर लगी लताड़
AFG vs PAK: शादाब खान की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम को हार का सामना करना पड़ा है, इसे लेकर उनकी आलोचना हो रही है।

AFG vs PAK: मुख्य खिलाड़ियों के बिना अफगानिस्तान के खिलाफ यूएई में T20 सीरीज खेलने के लिए गई पाकिस्तान की टीम को पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। T20 इतिहास में अफगानिस्तान ने पहली बार पाकिस्तान को हराया है। तीन मैचों की सीरीज मैं अफगानिस्तान ने बढ़त हासिल कर ली है। शादाब खान की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम के खेल को लेकर अब आलोचना हो रही है। पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी सलमान बट ने शादाब खान और उनकी टीम को जमकर लताड़ लगाई है।

धीमी पिच पर कराई तेज गेंदबाजी
सलमान बट ने अपने यूट्यूब चैनल पर शादाब खान की कप्तानी में खामियां निकालीं। उन्होंने कहा कि शारजाह की पिच धीमे गेंदबाजों के लिए अनुकूल थी लेकिन शादाब खान अपने तेज गेंदबाजों से गेंदबाजी करवा रहे थे। इसके अलावा वह खुद भी तेज गेंद डाल रहे थे। अफगानिस्तान के बल्लेबाज नजीब जादरान जब बल्लेबाजी करने के लिए आए, तब उनके लिए स्लिप में किसी भी फील्डर को खड़ा नहीं किया गया था।

कप्तान को कुछ समझ ही नहीं आया
पाकिस्तान के नए गेंदबाज इसानुल्लाह ने टी20 क्रिकेट में डेब्यू किया। पीएसएल से आए इस गेंदबाज को दो विकेट मिले। सलमान बट ने कहा कि इसानुल्लाह के खिलाफ अफगानिस्तान के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे और शादाब खान ने फील्डरों को सीमा रेखा पर लगा रखा था। बट ने यह भी कहा कि आपने क्या देखकर इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया? इसका मतलब यह है कि आपको कोई समझ नहीं है। आप चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरे लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए था कि मुकाबला पर्थ में नहीं हो रहा है।

अफगानिस्तान ने एक आसान जीत दर्ज की
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया था। इसके बाद पाक टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से बिखर गई। वे 20 ओवर खेलकर महज 92 रन बना पाए। अफगानिस्तान के लिए नबी, फारुखी और मुजीब ने 2-2 विकेट झटके। जवाब में खेलते हुए अफगानिस्तान ने 4 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। मोहम्मद नबी ने नाबाद 38 रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications