'Siya Goyal को दोषी मत बनाओ', केतन अग्रवाल केस में नया मोड़, क्या फेमस फिल्ममेकर के बयान से बदल जाएगा गेम?
Ketan Agarwal and Siya Goyal Case: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर संजय गुप्ता का एक सोशल मीडिया पोस्ट अब बड़े विवाद का कारण बन गया है। सिया गोयल के मामले पर अपनी राय रखते हुए संजय गुप्ता ने लोगों से जल्दबाजी में फैसला न सुनाने की अपील की है लेकिन उनकी ये टिप्पणी कई सोशल मीडिया यूजर्स को रास नहीं आई है। ऐसे में देखते ही देखते उनका पोस्ट वायरल हो गया और इंटरनेट पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
सिया गोयल के मामले पर क्या बोले संजय गुप्ता?
फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा है कि किसी भी व्यक्ति को कोर्टके फैसले से पहले दोषी करार देना उचित नहीं है। उन्होंने लिखा है कि जिस तरह साल 2020 में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर माहौल बनाया गया था, वैसी स्थिति दोबारा नहीं दोहराई जानी चाहिए।

'फैसले से पहले किसी को अपराधी घोषित कर देना सही नहीं'
संजय गुप्ता ने अपने पोस्ट में कहा है कि वह किसी का पक्ष नहीं ले रहे हैं बल्कि केवल ये याद दिलाना चाहते हैं कि किसी मामले में अंतिम सच्चाई सामने आने से पहले सार्वजनिक रूप से किसी को अपराधी घोषित कर देना सही नहीं है। उनका कहना था कि रिया चक्रवर्ती के मामले में भी टीवी स्टूडियो और सोशल मीडिया पर पहले ही फैसला सुना दिया गया था जबकि कानूनी प्रक्रिया बाद में चली।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
हालांकि संजय गुप्ता की ये अपील सोशल मीडिया पर भारी पड़ गई है। कई यूजर्स ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा है कि केतन अग्रवाल हत्याकांड और रिया चक्रवर्ती से जुड़े मामले की तुलना करना उचित नहीं है। कई लोगों ने सवाल उठाया है कि जब पुलिस जांच के आधार पर गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और मामला अदालत में विचाराधीन है, तब इस तरह की तुलना लोगों की भावनाओं को आहत कर सकती है। कुछ यूजर्स ने बेहद तीखी भाषा में प्रतिक्रिया देते हुए निर्देशक के बयान को असंवेदनशील करार दिया है।
संजय गुप्ता पर भड़के यूजर्स- तुम जैसे लोग जिंदा कैसे हैं
-संजय गुप्ता के इसी पोस्ट को देख यूजर्स भड़क गए हैं और इसे बेतुका बताया गया है। उन्होंने संजय गुप्ता को बुरी तरह लताड़ा है। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है-तुम जैसे लोगों को सिया या रिया के हाथों मर जाना चाहिए। अच्छे लोगों की हत्या हो रही है और तुम जैसे बेवकूफ, बिना दिमाग और रीढ़ की हड्डी वाले लोग अभी भी जिंदा हैं। कलयुग में डायन और राक्षस, सब कुछ देखने को मिलेगा।
-वहीं एक दूसरे शख्स ने लिखा है- ये आदमी तो पागल हो गया है। काश वह केतन की जगह होता और फिर कमेंट करता। इन दो दुखद घटनाओं की उसकी तुलना बहुत ही अजीब है। अगर तुममें जरा भी समझदारी और अक्ल बची है, तो अपने कमेंट्स वापस ले लो।
-एक दूसरे यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा है- बहुत ही घिनौनी सोच है। तुम्हारे बेटे या बेटी के साथ ऐसा होता, मर्डर हो जाता तब भी यही कहते? तुम्हारे बच्चों और तुम पर तरस आता है। एक और यूजर ने लिखा है- क्या तुम यही बात तब भी कहते अगर तुमने अपना बेटा खो दिया होता? तुम्हारे बच्चों और तुम पर तरस आता है। तुम एक ऐसे इंसान हो, जिसके अंदर कोई इमोशन नहीं। तुम पिता नहीं हो सकते। तुम्हें शर्म आनी चाहिए।
क्यों याद किया जा रहा है रिया चक्रवर्ती का मामला?
-संजय गुप्ता के बयान के बाद एक बार फिर साल 2020 का बहुचर्चित मामला चर्चा में आ गया है। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी एक्स गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती मीडिया और जांच एजेंसियों के रडार पर आ गई थीं।
-उस समय ड्रग्स से जुड़े एक मामले में रिया और उनके भाई का नाम सामने आया था, जिसके बाद उन्हें कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ा था। पूरे घटनाक्रम के दौरान टीवी डिबेट्स और सोशल मीडिया पर रिया चक्रवर्ती को लेकर खूब चर्चा हुई थी। बाद में जब कानूनी जांच आगे बढ़ी और मामला कोर्ट तक पहुंचा तो रिया को इंसाफ मिला।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब तक क्या सामने आया?
पुणे में सामने आए केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। पुलिस जांच के अनुसार केतन की शादी सिया गोयल से होने वाली थी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस का दावा है कि सिया इस रिश्ते से खुश नहीं थीं और किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध में थीं।
जांच एजेंसियों के अनुसार कथित तौर पर एक साजिश के तहत केतन अग्रवाल को लोहागढ़ किले के इलाके में ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने सिया गोयल और उनके कथित प्रेमी चेतन को गिरफ्तार किया। फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं और मामले की सुनवाई आगे बढ़ रही है।
बयान से ज्यादा चर्चा में आ गई तुलना
-संजय गुप्ता का मूल मैसेज न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने तक संयम बरतने की अपील थी लेकिन जिस तरह उन्होंने इस मामले की तुलना रिया चक्रवर्ती केस से की, वही विवाद की मुख्य वजह बन गई। सोशल मीडिया पर बहस इस बात को लेकर तेज हो गई कि क्या दो अलग परिस्थितियों वाले मामलों को एक ही नजरिए से देखा जा सकता है। फिलहाल केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है। वहीं संजय गुप्ता का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जहां लोग अपने-अपने नजरिए से इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
-केतन अग्रवाल हत्याकांड पहले से ही देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ था, लेकिन संजय गुप्ता के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया। जहां कुछ लोग उनकी बात को न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने की अपील मान रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में यूजर्स इस तुलना को अनुचित बता रहे हैं। ऐसे में यह बहस अब सोशल मीडिया से निकलकर व्यापक सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बन चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications