क्या है अभिषेक शर्मा के सेलिब्रेशन का खास मतलब? शतक के बाद क्यों आंख बंद कर पिच पर बैठ गए?
अभिषेक शर्मा जब बल्ला चलाते हैं, तो गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में शतक पूरा करने के बाद उनका अंदाज बिल्कुल अलग था। चौकों-छक्कों से मैदान में हलचल मचाने वाले अभिषेक अचानक शांत हो गए। उन्होंने ऐसा क्या किया कि उनके सेलिब्रेशन की चर्चा उनकी तूफानी पारी जितनी ही होने लगी?
न्यूजीलैंड के खिलाफ अभिषेक ने सिर्फ 35 गेंदों में शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद अभिषेक मैदान पर बैठ गए, हाथ जोड़कर प्रार्थना की और फिर ध्यान लगाने जैसी मुद्रा में नजर आए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा वायरल हो गया।

क्या है अभिषेक के सेलिब्रेशन का मतलब?
अभिषेक के इस अंदाज को 'ओम नमः शिवाय' मंत्र और ध्यान से जोड़कर देखा जा रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर में रिकॉर्ड शतक लगाने के बाद अभिषेक ने बताया था कि वह पिछले छह महीने से एक साल के बीच ध्यान और सकारात्मक कल्पना का अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि सालभर क्रिकेट खेलने के दौरान खिलाड़ियों को कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ता है और ध्यान ने उन्हें मानसिक रूप से स्थिर रहने में मदद की है।
अभिषेक चाहते थे कि दूसरे क्रिकेटर भी उनके अनुभव से प्रेरित हों और ध्यान के फायदे समझें। इसलिए उनके सेलिब्रेशन को सिर्फ जश्न नहीं, बल्कि मानसिक शांति और एकाग्रता से जोड़कर देखा जा सकता है।
टीम इंडिया ने किया तूफानी अंदाज में रन चेज
न्यूजीलैंड के खिलाफ 35 गेंदों में शतक लगाकर अभिषेक ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का दम दिखाया। टीम इंडिया ने 198 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम को महज 14 ओवरों में पराजित करते हुए एक नया इतिहास लिखने का काम किया है। अभिषेक ने इस दौरान 11 छक्कों सहित 39 गेंदों में 113 रनों की आतिशी पारी खेली। पांच मैचों की सीरीज में लगातार तीन जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया है।


Click it and Unblock the Notifications
