कैसे T20 WC में रोहित के साथ ओपनिंग कर सकते हैं कोहली, पूर्व खिलाड़ी ने बताया अपना टीम कॉम्बिनेनशन
नई दिल्ली। यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप में शर्मनाक प्रदर्शन करने के बाद भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप 2022 की तैयारियों में जुटी हुई है और उन सभी परेशानियाों का हल ढूंढ रही है जो कि उसे विश्वकप में झेलनी पड़ सकती है। इसी फेहरिस्त में बीसीसीआई ने नये कप्तान और हेड कोच के साथ खेल के नये अध्याय की शुरुआत की और इसका फायदा भी भारतीय टीम के लगातार 12 टी20 मैचों में जीत के साथ मिला है। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर की दमदार पारियों के दम पर एकतरफा जीत हासिल की।

इस सीरीज की खास बात रही कि भारतीय टीम में विराट कोहली, ऋषभ पंत को आराम दिया गया था तो वहीं पर चोट की वजह से केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव और ऋतुराज गायकवाड़ भी उपलब्ध नहीं थे। सीरीज के आखिरी मैच में ईशान किशन भी चोट की वजह से बाहर हो गये थे, लेकिन इसके बावजूद अय्यर ने मध्यक्रम में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को सीरीज का विजेता बनाया और एक बार भी अपना विकेट नहीं गंवाया।

इंग्लैंड के खिलाफ ओपन कर चुके हैं रोहित- विराट
श्रेयस अय्यर की ओर से किये गये इस शानदार प्रदर्शन ने कप्तान रोहित शर्मा और सेलेक्शन कमिटी का सिरदर्द भी बढ़ा दिया है, जो कि इस साल खेले जाने वाले टी20 विश्वकप के लिये टीम तैयार कर रहे हैं। सीरीज के आखिरी मैच के दौरान स्टार स्पोर्टस पर कॉमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा ने इरफान पठान के साथ बातचीत करते हुए भारतीय टीम की 15 सदस्यीय टी20 विश्वकप की संभावित टीम का ऐलान किया और बताया कि कैसे विराट कोहली कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं।
रोहित और कोहली के साथ में पारी का आगाज करने की बात भले ही फिलहाल काफी दूर की सोच लगती है लेकिन इस जोड़ी ने पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ यह काम करके दिखाया था, जिसका फायदा भारतीय टीम को मिला था। दोनों ने पारी का आगाज करते हुए महज 9 ओवर्स में 94 रन जोड़ डाले थे और भारत ने 2 विकेट खोकर 224 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि ओपनिंग में भारतीय टीम के पास कई सारे विकल्प होने की वजह से टीम मैनेजमेंट ने कोहली को दोबारा पारी का आगाज करने का मौका नहीं दिया।

कैसे ओपनिंग में वापस लौट सकते हैं कोहली
हालांकि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मशहूर क्रिकेट कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने पूर्व कप्तान को फिर से ओपनिंग स्लॉट में मौका देने का एक तरीका ढूंढ निकाला है।
आकाश ने कहा,'श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत का विश्वकप की 15 सदस्यीय टीम में शामिल होना तय हो गया है, ऐसे में यह खिलाड़ी अगर मध्यक्रम में खेलते हैं और आप केएल राहुल को मिडिल ऑर्डर में शिफ्ट कर दें तो विराट कोहली कप्तान रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। केएल राहुल आपके लिये दूसरा विकेटकीपिंग का ऑप्शन भी बन सकते हैं। आपको मिडिल ऑर्डर में एक बायें हाथ का बल्लेबाज चाहिये होगा तो वहीं पर ऋषभ पंत आपके लिये मौजूद हैं। वहीं आप रविंद्र जडेजा को भी यह मौका दे सकते हैं, जिन्होंने इस सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया है।'

पठान ने बताया किन दो खिलाड़ियों ने प्लेइंग 11 में तय किया नाम
वहीं इरफान पठान ने उन दो खिलाड़ियों का नाम लिया जिन्होंने न सिर्फ भारत की टी20 विश्वकप की 15 सदस्यीय टीम में जगह बना ली है बल्कि वो प्लेइंग 11 का हिस्सा भी बनते हुए नजर आयेंगे।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत का प्लेइंग 11 में होना बिल्कुल पक्का हो गया है, आप ये मुझसे लिख कर ले सकते हैं। मुझे पता है कि इसमें अभी भी वक्त है और उन्हें लगातार प्रदर्शन करते रहना होगा लेकिन इन दोनों खिलाड़ियों ने टीम में अपनी जगह इस तरह से पक्की कर ली है कि उनकी ऐसी तारीफ करना बनता है।'












Click it and Unblock the Notifications