Aaj Ka Match Kon Jeeta: आज का मैच कौन जीता- राजस्थान रॉयल्स vs आरसीबी
Aaj Ka Match Kon Jeeta: जयपुर में राजस्थान रॉयल्स और आरसीबी के बीच आज का मैच खेला गया। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 3 विकेट पर 183 रनों का स्कोर बनाया। विराट कोहली के बल्ले से शतक आया। रॉयल्स ने 4 विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। रॉयल्स के लिए बटलर ने शतक जमाया।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। हालांकि यह फैसला गलत साबित हुआ। आरसीबी के ओपनर विराट कोहली और कप्तान फाफ डू प्लेसी ने मिलकर तबाही मचाई और बड़ी भागीदारी की।

दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। आरसीबी ने 125 के स्कोर पर अपना पहला विकेट फाफ डू प्लेसी के रूप में गंवाया। वह 33 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली 39 गेंद में अपनी फिफ्टी जड़कर क्रीज पर डटे रहे।
कोहली ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंद में अपना आठवाँ आईपीएल शतक जमा दिया। इस सीजन आईपीएल में किसी भी बल्लेबाज का यह पहला शतक है। कोहली ने 72 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 113 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 4 छक्के आए। आरसीबी ने 3 विकेट के नुकसान पर 183 रनों का स्कोर खड़ा किया। रॉयल्स के लिए युजवेंद्र चहल ने सर्वाधिक 2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही। ओपनर यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए। यहाँ से जोस बटलर और संजू सैमसन ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। बटलर ने 30 गेंद और सैमसन ने 33 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली।
सैमसन फिफ्टी के बाद 42 गेंदों में 69 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद खेलने के लिए आए रियान पराग 4 रन के निजी स्कोर पर चलते बने। 16 ओवर में रॉयल्स का स्कोर 3 विकेट पर 160 रन था। ध्रुव जुरेल आते ही 2 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए।
बटलर अंत तक क्रीज पर रहे। जब रॉयल्स को 2 रन करर दरकार थी, उस समय बटलर को शतक के लिए छक्का चाहिए था। उन्होंने छक्के से शतक पूरा कर लिया और रॉयल्स ने 4 विकेट पर 189 रन बनाकर मैच जीत लिया। बटलर ने 58 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों से 100 रन की नाबाद पारी खेली। हेटमायर ने नाबाद 11 रन बनाए। रॉयल्स ने 5 गेंद शेष रहते सीजन की लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली। इस सीजन आरसीबी की यह चौथी हार है।












Click it and Unblock the Notifications