Swiss Open 2023: सात्विक और चिराग ने जीता सीजन का पहला खिताब, चीनी जोड़ी को हराया
Swiss Open 2023 के फाइनल में भारतीय जोड़ी ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की। चीनी जोड़ी ने दूसरे सेट में कड़ी टक्कर दी।

Swiss Open 2023: वर्ल्ड चैम्पियनशिप में ब्रोंज मेडलिस्ट जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने स्विस ओपन में कमाल करते हुए खिताब जीत लिया। पुरुष डबल्स के फाइनल में चीन के रेन जियांग और तान कुआंग की जोड़ी को सीधे सेटों में पराजित करते हुए भारतीय जोड़ी ने खिताब अपने नाम कर लिया। दोनों भारतीयों ने पहले सेट के मुकाबले दूसरे सेट में ज्यादा समय लिया। दूसरे सेट में उनको चीन के खिलाड़ियों से कड़ी टक्कर मिली।
भारतीय जोड़ी ने चीनी खिलाड़ियों के विरुद्ध 21-19 और 24-22 से मुकाबला जीत लिया। यह मुकाबला कुल 54 मिनट तक चला। सात्विक और चिराग ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा चीनी खिलाड़ियों की तरफ से आने वाले आक्रमण का जवाब उन्होंने मजबूत डिफेन्स के साथ दिया। इस तरह आक्रमण और डिफेन्स के मिश्रण से भारत ने जीत हासिल की। भारत के लिए सीजन का पहला खिताब है। इससे पहले ऑल इंग्लैंड चैम्पियनशिप में भारतीय जोड़ी दूसरे राउंड में बाहर हो गई थी।
भारतीय जोड़ी के लिए ओवरऑल यह पांचवां वर्ल्ड टूर टाइटल रहा। पिछले साल इस जोड़ी ने इंडिया ओपन और फ्रेंच ओपनर में भी खिताबी जीत दर्ज की थी। उस तरह की फॉर्म एक बार फिर से हासिल कर दोनों ने स्विस ओपन में खिताब जीत लिया। उन्होंने थाईलैंड ओपन और हैदराबाद ओपन भी अपने नाम किया था। इसके अलावा 2022 में दोनों ने राष्ट्रमंडल खेलों में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था।












Click it and Unblock the Notifications