Sonbhadra News: सोन नदी में दो युवकों समेत एक बालिका डूबी, गोताखोर कर रहे तलाश, परिवार में पसरा मातम
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में मंगलवार को सोन नदी में नहाते समय दो युवक और एक बालिका डूब गए। इस दौरान नदी में डूब रहे एक बालक को देखकर लोगों ने किसी तरह उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद वहां अपरा तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाई। गोताखोर नदी में डूबे हुए युवकों और बालिका की तलाश कर रहे हैं। देर शाम तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

बताया जा रहा है की मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जनपद का रहने वाला जितेंद्र कुमार तीन दिन पूर्व अम्मा टोला में स्थित अपने साढू अशोक के घर अपने बच्चों के साथ आया था। मंगलवार को करीब 10 बजे जितेंद्र अपनी 6 वर्षीय बेटी शिवानी और 4 वर्षीय बेटे अभिषेक तथा अशोक के 14 वर्षीय बेटे आशीष और 13 वर्षीय रोहित, 25 वर्षीय दीपन के साथ सोन नदी में स्नान करने के लिए गया था।
बच्चों को लेकर जितेंद्र सोन नदी में बलियारी घाट पर स्नान कर रहा था। इसी दौरान तेज बहाव के चलते आशीष कुमार पुत्र अशोक मौर्य, दीपन पुत्र लालचंद तथा शिवानी कुमारी पुत्री जितेंद्र और रोहित नदी में बहने लगे। लोगों को बहता देख जितेंद्र शोर मचाने लगा।
जितेंद्र के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग घाट की तरफ दौड़ते हुए पहुंचे। इस दौरान रोहित एक टीले में फंस कर रुक गया जिसे लोगों ने बाहर निकाल लिया। वहीं तेज बहाव के चलते आशीष, दीपन और शिवानी गहरे पानी में चले गए।
ग्रामीणों द्वारा फोन करके पुलिस को सूचना दी गई सूचना मिलने के बाद सीओ सदर संजीव कटियार और चोपन थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस द्वारा गोताखोरों को बुलाया गया और नदी में डूबे हुए युवकों और बालिका की तलाश की जाने लगी लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।












Click it and Unblock the Notifications