Sitapur News: बिना हेलमेट बाइक पर जा रहे थे 3 युवक, अज्ञात वाहन की टक्कर ने ले ली तीनों की जान
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बाइक सवार तीन युवकों की अज्ञात वाहन द्वारा मारी गई टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। वहीं टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया है।
जानकारी अनुसार, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खानपुर सादात निवासी 18 वर्षीय आजाद पुत्र मोहम्मद रफीक, 19 वर्षीय सुहेल पुत्र छोटू, 25 वर्षीय रियाजुद्दीन पुत्र अलामुद्दीन एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिसवां की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने ग्राम रुढ़ा भवनाथपुर के पास उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।

टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और तीनों को आनन-फानन में नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा का कहना है कि अज्ञात वाहन से हादसा हुआ है। शवों को पीएम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई हैं। फरार वाहन व वाहन चालक को हिरासत में लेने के प्रयास किये जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications