हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, कार में सवार थे 5 लोग
Shimla news, शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत का समाचार है। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा जिला चंबा में वाहन के नदी में गिरने की वजह से हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला चंबा के सलूणी सब डिविजन के किहार थाना क्षेत्र में सलूणी-लंगेरा मार्ग पर जा रही एक कार भटोली के पास अचानक साथ लगती सियूल नदी में गिर गई। जिससे कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। बताया जा रहा है कि कार चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार नदी में चली गई।

मृतकों की पहचान नूर मुहम्मद (50) और निर्मल सिंह (57) गांव छतड़ी तहसील शाहपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। मृतक निर्मल सिंह पठानिया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भांदल में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात थे, और चंबा में आयोजित होने वाली चुनाव संबंधित बैठक में भाग लेने के लिए गए हुए थे। वापस लौटने पर यह हादसा हुआ है। वहीं घायलों की पहचान सुभाष पुत्र (40) प्रेम लाल गांव खनेई डाकघर भांदल, राजेश कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी गांव कौंडी डाकघर संघणी उम्र (40) साल, नरेंद्र कुमार (29) पुत्र नेक राज निवासी गांव जलौट डाकघर संघणी तहसली सलूणी जिला चंबा के रूप में हुई है।
हादसे के बाद सभी घायलों को किहार अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही कार्यवाहक एसडीएम सलूणी एवं नायब तहसीलदार दिलो राम भारद्वाज ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को 10-10 हजार रुपये और गंभीर घायल नरेंद्र के परिवार को 10 हजार और दो अन्य घायलों सुभाष और राजेश के परिजनों को पांच-पांच हजार की फौरी आर्थिक राहत जारी की है।












Click it and Unblock the Notifications