हिमाचल में नया अध्यक्ष मिलते ही गुत्थम-गुत्था हुए कांग्रेसी, मुख्यालय पर तोड़फोड़, फूटे सिर
himachal pradesh News, शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के नये अध्यक्ष के पदभार संभालते ही कार्यकर्ताओं के बीच घमासान मच गया। शिमला स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में वीरभद्र सिंह व सुक्खू समर्थकों में भिड़ंत हो गई। नेता और समर्थकों ने जमकर तोड़फोड़ की। इसी बीच काफी कुर्सी-फर्नीचर टूट गए। वहीं, कई को चोटें आईं। सिर भी फूट गए। घायलों को आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है।

यह घटना ऐसे समय हुई है जबकि, निर्वतमान अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की ताजपोशी हो रही थी। यहां वे चौड़ा मैदान में आयोजित रैली में तो नहीं गये, लेकिन जैसे ही रैली के बाद राजीव भवन पहुंचे तो वहां हंगामा हो गया। कांग्रेस नेताओं के समर्थक एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। नारेबाजी के बीच महौल तनावपूर्ण हो गया। नौबत इस कदर आ गई कि दफ्तर में रखे फर्नीचर को तोड़ दिया गया, कुर्सियों को भी तोड़ा गया। मारपीट की नौबत आई तो कई कार्यकर्ता जख्मी हो गये।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी ने झाड़ा पल्ला
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी पहले ही तरह ही एकजुट है और रहेगी। हमारे सामने बीजेपी है और कांग्रेस को सिर्फ अपना लक्ष्य ही दिख रहा है। एक अन्य सवाल के जवाब में पाटिल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश में चुनाव की अपनी रणनीति बनाएगी। राहुल गांधी और कांग्रेस की कोर कमेटी ने पिछले हफ्ते एक बैठक में रणनीति को लेकर टिप्स दिए थे। अब पार्टी के नए अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता आपस में बैठकर चुनाव की रणनीति तय करेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य राज्य की चारों सीटें जीतना है।












Click it and Unblock the Notifications