रास्ते में छेड़खानी के बाद मनचले ने घर पर की फायरिंग, दो बहनों ने स्कूल जाना छोड़ा
शामली। यूपी के जनपद शामली में 3 महीने से दो सगी बहनों को पढ़ाई छोड़कर घर में कैद होकर रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नौ कुआं रोड का है जहां की रहने वाली दो सगी बहनों को अपनी पढ़ाई छोड़ कर 3 महीने से कमरे में कैद होकर रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। दोनों सगी बहनें एक साथ एक ही स्कूल में पढ़ती हैं जिनमें एक 9वीं और दूसरी 10वीं की छात्रा है।

पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने के आरोप
मोहल्ले का ही रहने वाला एक युवक उनके साथ छेड़छाड़ करता है और उन पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाता है जिसकी शिकायत पीड़ित छात्राओं ने अपने घरवालों से की जिसके बाद उनके घरवाले कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित छात्राओं की मां का आरोप है कि सारे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की जिसके बाद जो आरोपी हैं, उसके हौसले और बुलंद हो गए।

छात्राओं के पिता पर चलाई गोली
उसके बाद वह घर के बाहर तक पहुंचकर अश्लील हरकतें करने लगा और उसने छात्राओं के पिता पर गोली भी चला दी। जिसके बाद पीड़ित फिर दोबारा थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित छात्राओं की मां का कहना है कि मेरी बेटी स्कूल जाती थी तो आरोपी उससे कहता था कि बात करो, मुझसे मोबाइल ले जाओ, मुझसे गलत संबंध बनाओ। जब बेटी ने घर पर शिकायत करने की बात कही तो मनचले ने कहा कि अगर तुमने घर बताया तो तुम्हारे पापा को भी गोली मारूंगा और तुम्हारी अम्मी को भी मारूंगा। फिर हमने इनकी पढ़ाई छुड़वा दी। फिर वो हमारे घर के बाहर पहुंचा और हमारे ऊपर गोली चलाई। हमने दूसरे के घर में घुसकर अपनी जान बचाई। तीन महीने से मेरी बेटियों ने पढ़ाई छोड़ रखी है। हम ये चाहते है कि कार्रवाई होनी चाहिए और उसे सजा मिलनी चाहिए। मैने पहले भी इसकी शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

पुलिस ने कहा- जांचकर करेंगे कार्रवाई
पीड़ित छात्रा ने बताया कि वो हमें बहुत दिनों से परेशान करता था और कहता था कि अपनी बहन से बात करो नहीं तो तुम्हारे ऊपर तेज़ाब डाल दूंगा। हमने अपने पापा को बताया तो वो बोले कि रहने दो। फिर हम स्कूल गए तो हम पर फिर हमला किया। हम चाहते हैं कि उसे सजा मिले। इस पूरे मामले पर एएसपी शामली राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि इसमें पुलिस के संज्ञान में मामला आया है और पीड़ितों की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा चुका है और इसमें जो भी दोषी है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फायरिंग की बात पर कहा कि इसमें प्रभारी निरीक्षक को बताया गया कि जांचकर उचित कार्रवाई करें।












Click it and Unblock the Notifications