कैराना में पलायन पीड़ितों से मिले CM योगी, बच्ची से पूछा- अब तो कोई डर नहीं है ना, मिला ये जवाब
शामली, 08 नवंबर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कैराना में उन हिंदू परिवारों से मुलाकात की, जिन्होंने साल 2016 में विशेष समुदाय के डर से पलायन कर लिया था। अब ये परिवार वापस कैराना लौट आए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ित परिवार से बातचीत की। इस दौरान बगल में बैठी एक बच्ची से पूछा, 'अब तो कोई डर नहीं है ना?' इसपर बच्ची कहती है नहीं।

Recommended Video
सीएम योगी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद कहा कि 2017 के बाद अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार ने जो कार्रवाई की उसके परिणामस्वरूप इस कस्बे में शांति आई, बहुत सारे परिवार वापस आए हैं। मैंने कुछ उन परिवारों के साथ संवाद किया जो पिछली सरकारों के राजनीतिक अपराधीकरण के शिकार हुए थे। 1990 के दशक के शुरू में राजनीतिक अपराधिकरण और पेशेवर अपराधियों के राजनीतिकरण का दुष्परिणाम कैराना और कांधला जैसे कस्बों ने झेला। यहां हिन्दू व्यापारी और अन्य हिन्दुओं को व्यापक पैमाने पर प्रताड़ित करके यहां से पलायन करने के लिए मज़बूर किया गया था।
बता दें, शामली के कैराना में 2016 में व्यापारी वर्ग कैराना से पलायन कर गया था। इन व्यापारियों ने कैराना में वापसी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घर वापसी करने वाले व्यापारियों से मुलाकात की है। ये परिवार अपने घर छोड़कर दिल्ली, हरियाणा और गुजरात तक चले गए थे। दरअसल, साल 2015 से 2017 के दौरान करीब 90 हिंदू परिवारों ने कैराना से पलायन कर लिया था। उन्होंने अपने घर के बाहर 'यह मकान बिकाऊ है' भी लिखा था। साल 2016 में कैराना से तत्कालीन भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने यह मुद्दा उठाया था। योगी सरकार का दावा है कि उन्होंने राज्य में अपराध को कम किया है, जिसके बाद ये परिवार वापस कैराना लौटे हैं।












Click it and Unblock the Notifications