तीन फीट के अजीम मंसूरी की कैराना पुलिस से गुहार, कहा- प्लीज करवा दीजिए मेरी शादी
शामली। अजीम मंसूरी नाम का ये शख्स शादी करने के लिए परेशान है। शादी करवाने की फरियाद लेकर अजीम कैरान कोतवाली पहुंच गए। तीन फीट दो इंच के अजीम मंसूरी (26) की फरियाद सुनकर कैराना पुलिस भी हैरान हो गई। दरअसल, अजीम मंसूरी ने कैराना पुलिस से खुद की शादी कराने और दुल्हन खोजने की गुहार लगाई है। अजीम की परेशानी को देखकर पुलिस ने भी उसकी शादी कराने का आश्वासन दे दिया।

कैराना कोतवाली पहुंचे अजीम ने बाकायदा पढ़ी लिखी लड़की ढूंढकर उसकी शादी कराने का आग्रह पुलिस से किया। हालांकि, अजीम इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को भी ख़त लिखकर मदद मांग चुके हैं। बता दें कि 26 वर्षीय मोहम्मद अजीम मंसूरी, कैराना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जुड़वा कुआं का रहने वाला है। अजीम 6 भाई-बहनों में तीसरे नंबर का है।
अजीम अपनी हाइट को लेकर काफी परेशान है। अजीम ने बताया कि कई बार उसके लिए रिश्ते आए, लेकिन हाइट कम होने की वजह से उसका रिश्ता टूट जाता है। अजीम बताते हैं कि वह बेहद गरीब है लेकिन परिवार का पेट पाल सकता है। लड़की कैसी भी हो चलेगी, लेकिन पढ़ी-लिखी जरूर होनी चाहिए।
अजीम ने पुलिस से कहा उसकी रमजान से पहले शादी हो जाए। कहा कि अगर उसकी शादी हो जाती है तो वह अपनी बीवी के साथ गोवा, शिमला और मनाली में हनीमून मनाने जाएगा। अजीम ने कहा कि अब कोतवाली पर प्रार्थना पत्र देकर आया हूं। पुलिस वालों ने कहा कि हम देखेंगे। यदि लड़की मिल गई तो शादी करा देंगे। शामली पुलिस ने भी अजीम की बात धैर्यपूर्वक सुनी और वादा किया है कि जल्द ही उसके लिए दुल्हन ढूंढ दी जाएगी।
पुलिस ने बताया कि शादी कराने की गुहार लगाने के लिए पहली बार कोई उनके पास आया है लेकिन अजीम की हर संभव मदद की जाएगी। महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने बताया कि वह पिछले साल भी थाने आया था, उस समय उसने अपने माता-पिता पर उसकी शादी न कराने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications