SIT ने स्वामी चिन्मयानंद की गिरफ्तारी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कही यह बात
शाहजहांपुर। स्वामी चिन्मयानंद पर यौन शोषण के आरोप लगानेवाली पीड़िता ने एसआईटी जांच पर भरोसा न होने की बात कही और गिरफ्तारी की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंच गई। इस मामले पर एसआईटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया है और टीम का नेतृत्व कर रहे आईजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए। आईजी नवीन अरोड़ा का कहना है कि 23 सितंबर 2019 को वह हाईकोर्ट में जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश करेंगे।

गिरफ्तारी पर एसआईटी ने यह कहा
एसआईटी ने साफ कर दिया है कि जांच पूरी होने और पुख्ता सबूत होने के बाद ही इस मामले में गिरफ्तारी की जा सकती है। अभी तक इस मामले में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया गया है। एसआईटी का यह भी कहना है कि कि वह पूरे धैर्य के साथ हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही है। इस दौरान एसआईटी मीडिया ट्रायल से नाराज नजर आई। एसआईटी का कहना है कि मीडिया ट्रायल से डिफेंस मजबूत हो रहा है और वह प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया में शिकायत करेगी।

क्या है मामला?
आपको बता दें कि स्वामी चिन्मयानंद पर लॉ कॉलेज की छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था जिसके बाद लॉ कॉलेज की छात्रा लापता हो गई थी। लॉ कॉलेज की छात्रा के लापता होने में स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। साथ ही स्वामी चिन्मयानंद से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पीड़िता और उसके दोस्तों का नाम सामने आया था। इस मामले में भी एक मुकदमा दर्ज है। एसआईटी दोनों ही मामले में गहनता से जांच कर रही है। एसआईटी का कहना है कि उनकी फॉरेंसिक टीम, लीगल एक्सपर्ट टीम और जांच टीम पूरे मामले में गहनता से जांच कर रहे हैं जिसकी रिपोर्ट वह हाईकोर्ट को सौंपेंगे।

स्वामी की तबियत हुई खराब
स्वामी चिन्मयानंद यौन उत्पीड़न मामले में बुधवार को स्वामी चिन्मयानंद की तबियत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में उनको एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज मे भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं उनके वकील ने कहा कि अचानक तबियत बिगड़ने पर उनको भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनका इलाज किया जा रहा है।
इस मामले में पीड़िता छात्रा के 164 के बयान हो चुके हैं लेकिन अभी तक रेप की धारा में मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जिस दिन बयान दर्ज किए गए थे, उस दिन भी स्वामी चिन्मयानंद की हालत बिगड़ी थी।












Click it and Unblock the Notifications