मैहर मां शारदा मेले की सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी, सुरक्षा के लिए 1000 सुरक्षाकर्मी तैनात
Maihar Temple: मैहर के मां शारदा धाम में चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की है। शारदा धाम में चैत्र नवरात्र मेले का आयोजन 9 अप्रैल से होने जा रहा है। नवरात्र मेले में लाखों श्रद्धालु प्रतिदिन मां के दरबार में दर्शन करने आते हैं। जिसको लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। सीसीटीवी के साथ ही ड्रोन से भी मेले पर नजर रखी जाएगी।
मैहर में 9 दिवसीय चैत्र नवरात्र मेला मंगलवार से शुरू हो रहा है। दर्शनार्थियों की पुख्ता सुरक्षा के लिए करीब एक हजार जवानों को तैनात किया गया है। खुफिया एजेंसियां इंतजामों पर कड़ी नजर बनाए हैं।

लोकसभा चुनाव के दौरान मेला पड़ने के चलते पुलिस की चुनौती बढ़ी है। हालांकि चप्पे-चप्पे पर इंटेलिजेंस की नजर है। राज्य से लेकर जिलास्तर तक के खुफिया विभाग के अफसर मैहर मंदिर की पहाड़ी के साथ रेलवे स्टेशन परिसर में कड़ी नजर जमाए हुए हैं।
मेला परिसर में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ये कैमरे बंधा बैरियर, पुलिस चौकी, मंदिर मार्ग, मंदिर गर्भगृह, पार्किंग सहित परिसर के सभी प्रमुख स्थलों पर होंगे। गुमशुदा तलाश के लिए मां शारदा प्रबंध समिति की ओर से कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है।
एसपी सुधीर अग्रवाल ने बताया कि मेले के दौरान कहीं से भी कई लोग पहाड़ी पर चढ़ने लगते हैं। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रहती है। मैनपॉवर प्रबंधन में कठिनाई होती है। इस बार पहाड़ी के चारों तरफ बाड़ लगा दी गई है, ताकि कोई भी मुख्य गेट व रोप वे के अलावा और कहीं से भी प्रवेश न कर पाए। 1000 पुलिस बल तैनात किया गया है। जगह-जगह पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा श्रद्धालुओं की जागरुकता के लिए पोस्टर-बैनर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा एंबुलेंस के साथ चिकित्सकों की टीम भी मौजूद रहेगी
मैहर की मां शारदा ने अपने भक्त आल्हा को अमरता का वरदान दिया है। मां शारदा देवी के मंदिर में आज भी ऐसा प्रमाण मिलता है कि सबसे पहले मां की पूजा आल्हा ही करते हैं। यहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। चैत्र व शारदीय नवरात्रि में प्रतिदिन लाखों की तादाद में नौ दिनों तक भक्तों का मेला यहां पर लगता हैं।












Click it and Unblock the Notifications