'हमरा राशि में ऐ जान...' गाने पर असलहा लहराते हुए बनाया वीडियो, पुलिस ने पलभर में निकाली हेकड़ी: Video Viral
Video Viral: भदोही में हाथ में असलहा लेकर रील बनाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवक ने ' राशि में बदमाशी' गाने पर रेल बनाकर अपलोड किया था।

उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद में हाथ में असलहा लेकर वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर Video Viral होने के बाद पुलिस द्वारा युवक की गिरफ्तारी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तिवारीपुर गांव के रहने वाले युवक को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से अवैध तमंचा बरामद किया गया है। संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
दरअसल, भदोही जनपद के गोपीगंज कोतवाली अंतर्गत तिवारीपुर वैदा गांव का रहने वाले एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में 'हमरा राशि में ऐ जान बदमाशी लिखल बा...' नामक भोजपुरी गाने पर एक युवक हाथ में अवैध तमंचा लिए दिखाई दे रहा था।
वीडियो वायरल होने के बाद एक ट्विटर यूजर द्वारा वीडियो ट्वीट करते हुए भदोही पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई तो आरोपी शुभम तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा भी बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ और जांच पड़ताल में यह भी बात सामने आई कि वीडियो कुछ माह पुराना है। यह भी बताया गया कि युवक हाथ में अवैध तमंचा लेकर वीडियो बनाया था। ऐसे में वीडियो वायरल होने के बाद तत्काल रुप से उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि युवक को गिरफ्तार करने के बाद उसके निशानदेही पर अवैध तमंचा को भी बरामद कर लिया गया है। यह भी कहा गया कि उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
यह भी बता दें कि भदोही जनपद में असलहा प्रदर्शन करते हुए वीडियो बनाने का यह पहला मामला नहीं है। पिछले सप्ताह भी एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 'यूपी का लड़का हूं और विधायक हैं चच्चा' वाले डायलॉग पर असलहा लहराते हुए वीडियो बनाया गया था।
उस मामले में भी वीडियो को ट्वीट करते हुए ट्विटर यूजर द्वारा भदोही पुलिस के साथ ही सीएम योगी और अन्य अधिकारियों को टैग किया गया था। पुलिस द्वारा उस मामले में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। फिलहाल भदोही जनपद में असलहे के साथ वीडियो बनाकर वायरल करने का क्रेज युवाओं में बढ़ता जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications