सपा MLA जाहिद बेग प्रकरण में आया नया मोड़, नौकरानी का वीडियो बनाकर किया जा रहा था ब्लैकमेल
Samajwadi Party MLA Bhadohi Zahid Beg: उत्तर प्रदेश के भदोही जनपद से समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग से जुड़े प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। जिस नौकरानी की आत्महत्या के मामले में सपा विधायक जाहिद बेग जेल में बंद हैं उस नौकरानी के मां द्वारा एक नया खुलासा किया गया है।
मां ने बताया कि उनकी बेटी को एक युवक ब्लैकमेल करता था। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि एक युवक उनकी बेटी का अश्लील वीडियो और फोटो बना लिया था। अश्लील फोटो और वीडियो बनाने के बाद वह उनकी बेटी को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

इसी बात से तंग आकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर लिया। अब मृतका की मां द्वारा उक्त युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दिया गया है। ऐसे में अब यह उम्मीद लगाई जा रही है कि विधायक की मुश्किलें कम हो सकती हैं।
प्रेम जाल में फंसा कर किया दुष्कर्म, बनाया वीडियो
मृतका की मां द्वारा आरोप लगाया गया कि अभिषेक सरोज नामक एक युवक उनकी बेटी को प्रेम जाल में फसाया और शारीरिक संबंध बनाने के साथ ही उसने अश्लील वीडियो और फोटो बना लिया। उसके बाद वह वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा।
वीडियो फोटो वायरल करने की धमकी देकर अक्सर वह उनकी बेटी को ब्लैकमेल करता था। महिला द्वारा यह भी कहा गया की आत्महत्या करने के करीब एक महीने पहले उनकी बेटी ने उनसे यह सब बात बताई थी। विधायक के वकील द्वारा भी इस मामले की जांच की मांग की जा रही है।
नौकरानी ने घर में कर ली थी आत्महत्या
दरअसल, भदोही से समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बाग के आवास पर काम करने वाली नाबालिक नौकरानी ने करीब 1 महीने पहले आत्महत्या कर लिया था। इस मामले में पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई तो प्रथम दृष्टया विधायक पर ही आरोप लगा।
ऐसे में विधायक उनकी पत्नी और उनके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई। बाद में विधायक और उनके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उनकी पत्नी अभी भी फरार चल रही हैं।
इस मामले में विधायक जाहिद बेग और उनका बेटा जेल में बंद है। न्यायालय में मामले की सुनवाई चल रही है। इसी दौरान मरने वाली नौकरानी की मां द्वारा दूसरे युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने है और अश्लील वीडियो फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications