भदोही: विधायक विजय मिश्रा के बेटे के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, विदेश भाग सकता है वो
भदोही। खबर उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से है। यहां ज्ञानपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा की मुश्किलें बढ़ने वाली है। दरअसल, यूपी पुलिस ने विष्णु मिश्रा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। यह नोटिस देश से भागने की आशंका के चलते जारी किया गया है। बता दें, विष्णु मिश्रा पर प्रॉपर्टी कब्जा करने समेत अन्य आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। जब से वो फरार चल रहे है।
Recommended Video
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विष्णु मिश्रा के खिलाफ उनके रिश्तेदार ने प्रॉपर्टी पर कब्जा करने के आरोप में मामला दर्ज कराया था। उसके अलावा विष्णु पर एक युवती ने भी रेप का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद से पुलिस को विष्णु की तलाश है। लेकिन वह फरार चल रहा है। तो वहीं, अब पुलिस ने विधायक विजय मिश्रा के बेटे विष्णु मिश्रा के विदेश भागने की आशंका के चलते उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है।
भदोही के पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को पत्र भेजा है। गौरतलब है कि गैंगरेप के मामले में पीड़िता का कलमबंद बयान दर्ज कर लिए जाने के बाद पुलिस ने विष्णु की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस को भी एक्टिव कर दिया था। विष्णु के खिलाफ कुर्की का नोटिस पहले ही जारी किया जा चुका है। विष्णु मिश्रा की अग्रिम जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है।
बता दें कि विष्णु मिश्रा के खिलाफ वाराणसी की एक गायिका ने गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़िता का बयान कोर्ट में दर्ज हो चुका है। इसके बाद पुलिस भी विष्णु की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय हो गई है। विधायक विजय मिश्रा भी जेल में हैं।