UP Road Accident: संतकबीरनगर में बस-ऑटो भिड़ंत, हादसे में बाप-बेटे समेत चार की जान गई, पूरा गांव सदमे में
UP Road Accident: संतकबीरनगर जिले में मंगलवार की शाम एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने एक पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। मां का इलाज कर लौट रहे आठ लोगों की ऑटो जब बूढ़ा नहर के पास पहुंची। इसी दौरान रोडवेज बस ने उसे इतनी जोर से टक्कर मारी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गई।
ऑटो में बैठे लोग संभल भी नहीं पाए और चीख-पुकार के बीच चार लोगों की जान चली गई। इनमें एक पिता और उसका मासूम बेटा भी शामिल था। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव की गलियां सन्नाटे में डूबी हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया, उनके लिए ये ज़ख्म कभी नहीं भर पाएगा।
सांप ने डसा, मां को लेकर पहुंचे अस्पताल
बूढ़ा खुर्द गांव के निवासी सर्वजीत की मां को मंगलवार दोपहर सांप ने काट लिया था। परिवार के लोग उन्हें तुरंत पास के भुजैनी के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
शाम करीब सात बजे, मां की स्थिति थोड़ी ठीक हुई तो आठ लोग ऑटो में सवार होकर वापस गांव लौटने लगे। लेकिन किसे पता था कि ये सफर उनके लिए आखिरी साबित होगा।
बूढ़ा नहर के पास मौत बनकर आई रोडवेज बस
मुंडेरवा-कांटे मार्ग पर जैसे ही ऑटो बूढ़ा नहर के पास पहुंचा, सामने से आ रही रोडवेज बस ने सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि ऑटो बुरी तरह चकनाचूर हो गया।
मौके पर ही सर्वजीत (30), उनका बेटा अमन (2) और एक बुजुर्ग महिला भिखना देवी (55) की मौत हो गई। बाकी लोग खून से लथपथ हालत में तड़पते रहे।
जिला अस्पताल में एक और मौत
स्थानीय लोगों और कांटे चौकी पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान मुराती (40) ने भी दम तोड़ दिया।
बाकी घायलों में सरिता (28), उनका दो साल का बेटा अमर, इंद्रजीत (40) और गीता (40) की हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी आलोक कुमार, एसपी संदीप कुमार मीना, एडीएम जय प्रकाश समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं अफसरों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications