यूपी के संभल में दो नव निर्वाचित प्रधानों की मौत, प्रशासन ने क्या कहा?
संभल, मई 07: यूपी के संभल जिले में दो नव निर्वाचित प्रधानों की मौत का मामला सामने आया है। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, दोनों को सांस लेने में दिक्कत थी। तबीयत बिगड़ने पर दोनों की मौत हो गई। हालांकि, दोनों की कोरोना जांच नहीं कराई गई थी। संभल के उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव ने बताया कि असमोली ब्लॉक के मधना गांव के नव निर्वाचित प्रधान अमरीश कुमार(45) और रझा गांव के नव निर्वाचित प्रधान दुष्यंत कुमार (52) की मौत हो गई है। इन दोनों को सांस लेने में परेशानी थी।

45 मतों से हासिल की थी जीत
सोमवार को ग्राम पंचायत रझा के ग्राम प्रधान दुष्यंत त्यागी (52) ने 45 मतों से जीत हासिल की थी। मंगलवार की रात करीब आठ बजे उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दुष्यंत त्यागी कई दिनों से बीमार चल रहे थे। इसी दौरान वह कोरोना संक्रमित हो गए। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रधान की मौत से गांव में मातम पसर गया। नवनिर्वाचित प्रधान की पत्नी सर्वेश त्यागी का रो-रो कर बुरा हाल है।
दो हजार शिक्षक और कर्मचारियों का कोरोना से निधन का दावा
उधर, उत्तर प्रदेश कर्मचारी संघ संयुक्त परिषद का दावा है कि प्रदेश में दो हजार शिक्षक और कर्मचारियों की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना से जान चली गई। संघ ने प्रदेश सरकार से मृतक कर्मचारियों और शिक्षकों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है। संघ के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी ने कहा कि पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान हजारों की संख्या में शिक्षक और कर्मचारी कोरोना संक्रमित हुए। इनमें से करीब एक हजार शिक्षकों और इतने ही कर्मचारियों की कोरोना के कारण मौत हो गई। तिवारी ने कहा कि इसके अलावा बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित कर्मचारियों और शिक्षकों के संपर्क में आए उनके परिवारजनों की भी मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications