CAA Protest: प्रदर्शनकारियों ने संभल में रोडवेज बस में लगाई आग, इंटरनेट सेवा बंद
संभल। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उत्तर प्रदेश के संभल जिले से बड़ी खबर आ रही है। यहां प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज बस में आग लगा दी। साथ ही कई पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की है। इसके बाद माहौल और भी भड़क उठा। यह सब देख क्षेत्र की सभी दुकानें और बाजार अचानक बंद कर दिए गए। तनाव का माहौल देखते हुए संभल में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। बता दें कि बुधवार को डीजीपी ओपी सिंह ने उत्तर प्रदेश में धारा-144 लागू होने की बात कही थी। साथ ही प्रदेश में सभी प्रदर्शनों पर रोक लगा दी थी।

संभल जिले में युवा नागरिकता संशोधन बिल वापस लेने की मांग करते हुए भारी संख्या में सड़कों पर उतर आए। यहां सदर इलाके में हाथों में तिरंगे झंडे लेकर युवाओं ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान अचानक उमड़ी भीड़ के कारण नगरपालिका मैदान के आस पास भारी संख्या में पुलिस बल पहुंची। पुलिस ने मुस्लिम वर्ग के नेताओं से भीड़ को संभालने के लिए कहा।
इधर, विरोध जारी रखने के लिए समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष फिरोज खां, नगर पालिका अध्यक्ष के पति हाजी मेंबर शकील और समाजवादी पार्टी के सांसद डॉक्टर बर्क भी मौदान पहुंच गए। वहां पहुंचे नेताओं ने भीड़ को संबोधित करते हुए नागरिकता संशोधन कानून को देश का काला कानून बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने उन्हें राष्ट्रपति के नाम से अपना ज्ञापन सौंपा।












Click it and Unblock the Notifications